Bhopal Crime News : भोपाल। भोपाल के गोविंदपुरा थाना क्षेत्र में रेलवे ट्रैक पर एक युवक की ट्रेन से कटकर मौत हो गई। घटना रचना नगर अंडरब्रिज के ऊपर रेलवे ट्रैक की है। मृतक की पहचान अशोक बामने निवासी गौतम नगर जनता क्वार्टर के रूप में हुई है। बुधवार सुबह सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
रेलवे ट्रैक पर मिला युवक का शव
पुलिस के मुताबिक बुधवार सुबह रेलवे ट्रैक पर युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। इसके बाद गोविंदपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। प्रारंभिक जांच में युवक के ट्रेन की चपेट में आने की बात सामने आई है, हालांकि पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
MP Crime Update : चंदेरी में शादी समारोह में दामाद पर सरियों से हमला, सिर में आए 20 टांके
मां ने पड़ोसी पर लगाया हत्या का आरोप
मृतक की मां कृष्णा बामने ने पड़ोसी पर हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि मंगलवार रात किसी लड़की को लेकर पड़ोसी से विवाद हुआ था। उस समय अशोक नशे की हालत में था।
परिजनों का आरोप है कि विवाद के बाद पड़ोसी घर में घुस आया और चारों बेटों के साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। मां का कहना है कि इसके बाद अशोक को रेलवे ट्रैक तक ले जाकर ट्रेन के सामने धक्का दे दिया गया।
परिजनों के अनुसार सुबह पुलिस से सूचना मिलने के बाद उन्हें अशोक की मौत की जानकारी मिली। अशोक अविवाहित था और मजदूरी का काम करता था। गोविंदपुरा थाना पुलिस फिलहाल पूरे मामले की जांच कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।