MP Crime Update : चंदेरी। अशोकनगर जिले के चंदेरी में शादी समारोह के दौरान ससुराल पक्ष द्वारा दामाद की लोहे के सरियों से पिटाई करने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसके सिर में 20 टांके लगाए गए हैं।
घटना मंगलवार देर रात पनखुआ मंदिर के पास की बताई जा रही है। घायल की पहचान विजय पुत्र नारायण दास लालमणि उम्र 43 वर्ष निवासी पसियापुरा चंदेरी के रूप में हुई है।
शराब के लिए पैसे मांगने पर हुआ विवाद
घायल विजय ने बताया कि वह अपनी ससुराल पक्ष के परिवार में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गया था। इसी दौरान उसका साला बालचंद शराब पीने के लिए पैसे मांगने लगा। पैसे नहीं देने पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।
विवाद बढ़ने पर सीताराम, बालचंद, भागवती और कुंजाबाई कोली ने विजय के साथ मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि साले और साडू ने लोहे की सरियों से हमला किया।
सिर और सीने में गंभीर चोट
हमले के दौरान लोहे की सरिया विजय के सिर में लग गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसके सिर में 20 टांके लगाए गए हैं। वहीं सीने के ऊपर भी सरिया लगने से काफी खून बह निकला। घायल को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
चंदेरी पुलिस ने फरियादी की शिकायत के आधार पर आरोपियों के खिलाफ मारपीट की धाराओं में एफआईआर दर्ज कर ली है। घायल विजय का कहना है कि तीन दिन पहले भी मामूली बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था।