RoadAccident : हरदा। हरदा जिले के सुल्तानपुर फाटे के पास देर रात एक सड़क हादसे में पटवारी रमेश नाग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद उन्हें पहले जिला अस्पताल हरदा ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर इंदौर रेफर कर दिया गया।
ड्यूटी से लौटते समय हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, पटवारी रमेश नाग मगरधा क्षेत्र में अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद बाइक से हरदा लौट रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन थाना क्षेत्र के ग्राम कुकरावद के पास सुल्तानपुर फाटे पर गोमती वेयरहाउस के बाहर खड़ी ट्रैक्टर-ट्रॉली अंधेरे में दिखाई नहीं दी और उनकी बाइक सीधे उससे टकरा गई।
हादसे में उन्हें गंभीर अंदरूनी चोटें आईं। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तुरंत 108 एंबुलेंस की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया।
जिला अस्पताल से इंदौर रेफर, पुलिस जांच जारी
जिला अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए इंदौर रेफर कर दिया। परिजन उन्हें बेहतर इलाज के लिए इंदौर ले गए हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे के कारणों की पड़ताल की जा रही है।