OperationMuskan : विदिशा। विदिशा पुलिस ने ‘ऑपरेशन मुस्कान’ अभियान के तहत एक बार फिर बड़ी सफलता हासिल की है। 1 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 के बीच जिले से गुम हुई 37 बालिकाओं के मुकाबले 48 नाबालिग बालिकाओं और किशोरियों को सुरक्षित ढूंढकर उनके परिजनों को सौंपा गया।
तीन साल में 827 बालिकाएं सुरक्षित बरामद
पुलिस के अनुसार यह अभियान लगातार प्रभावी रूप से चलाया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में कुल 827 गुमशुदा बालिकाओं और किशोरियों को खोजकर सुरक्षित उनके परिवारों तक पहुंचाया गया है।
- वर्ष 2023: 226 में से 209 बरामद
- वर्ष 2024: 302 में से 282 बरामद
- वर्ष 2025: 271 के मुकाबले 336 बरामद
- वर्ष 2026 (अप्रैल तक): 134 में से 125 बरामद
इस अभियान में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, एसडीओपी, थाना और चौकी स्तर की टीमों ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया।
दूसरे राज्यों से लेकर सीमा तक चला सर्च ऑपरेशन
ऑपरेशन मुस्कान के दौरान पुलिस टीमों ने मध्य प्रदेश के अलावा राजस्थान, महाराष्ट्र और उत्तर प्रदेश तक तलाशी अभियान चलाया। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, नर्मदापुरम, ग्वालियर, रायसेन और देवास जैसे जिलों में भी खोजबीन की गई।
एक मामले में टीम राजस्थान होते हुए पाकिस्तान सीमा तक पहुंची और गुमशुदा किशोरी को सुरक्षित वापस लाया गया। पुलिस का कहना है कि यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा ताकि हर गुमशुदा बच्ची को सुरक्षित घर वापस लाया जा सके।