Bhopal Hit and Run Case : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल की सड़कों पर एक बार फिर लापरवाह ड्राइविंग का काला साया मंडराया है। बुधवार दोपहर को पॉलिटेक्निक पेट्रोल पंप के पास एक दर्दनाक हादसा हो गया। यहां शहर के प्रसिद्ध बिल्डर के बेटे ने अपनी तेज रफ्तार फॉर्च्यूनर कार से एक स्कूटी सवार 12वीं के छात्र को बुरी तरह कुचल दिया।
हादसे इतना घातक था कि छात्र की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। चश्मदीदों के मुताबिक, आरोपी चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन गुस्साए लोगों ने करीब दो किलोमीटर तक उसका पीछा किया और रेत घाट चौकी के पास उसे घेरकर पकड़ लिया। फिर उसे पुलिस के हवाले कर दिया।
मृतक छात्र की पहचान 18 वर्षीय आतिफ के रूप में हुई है। वह गिन्नौरी थाना क्षेत्र के तलैया इलाके का रहने वाला था। आतिफ के पिता ठेकेदारी का काम करते हैं। बुधवार को उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई थी। इसलिए आतिफ घर से स्कूटी पर निकला और पॉलिटेक्निक पेट्रोल पंप के पास स्थित मेडिकल स्टोर से दवा खरीदकर लौट रहा था।
रास्ते में ही पीछे से आई फॉर्च्यूनर कार ने उसकी स्कूटी को जोरदार धक्का दे दिया। इससे आतिफ सड़क पर गिर पड़ा। चालक ने कार को और तेज किया ताकि भाग सके, लेकिन पहिया सीधे उसके सिर पर से गुजर गया। डॉक्टरों ने मौके पर ही उसे मृत घोषित कर दिया। यह घटना न सिर्फ परिवार के लिए सदमा है, बल्कि सड़क सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल भी खड़े करती है।
आतिफ का शव देर शाम पोस्टमार्टम के बाद परिवार को सौंप दिया गया। उसका जनाजा रात करीब 10 बजे कबीरपुर में उसके दादा के घर से निकाला गया। बड़ी तादाद में लोग जुटे और उसे बड़ा बाग कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया गया। परिवार वाले सदमे में हैं। पिता आसिफ ने बताया कि बेटा दवा लेकर ही लौट रहा था, सोचा भी नहीं था कि यह उसका आखिरी सफर साबित होगा।
पुलिस ने देर रात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। टक्कर मारने वाली फॉर्च्यूनर कार भोपाल के बड़े बिल्डर केएल मूलानी के नाम पर रजिस्टर्ड है। चालक उनका बेटा नितिन मूलानी है, जिसे हिरासत में ले लिया गया है।
गिन्नौरी थाने के प्रभारी टीआई भूपेंद्र सिंधु ने बताया कि शुरुआती जांच में पाया गया कि टक्कर के बाद नितिन कुछ देर मौके पर रुका रहा। इसलिए अभी हिट एंड रन की धाराओं के तहत केस दर्ज नहीं किया गया है।
हालांकि, इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इनके आधार पर धाराओं में इजाफा किया जाएगा। पुलिस ने कार को जब्त कर लिया है और गहन पूछताछ जारी है। चश्मदीदों का कहना है कि नितिन शराब के नशे में था, लेकिन यह पुष्टि जांच के बाद ही होगी।