Sehore News: सीहोर। सीहोर शहर के भोपाल नाका इलाके में पिछली रात एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर प्रसिद्ध श्री बजरंग मंदिर की बाहरी दीवार से जाकर टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि मंदिर की सुरक्षा दीवार का एक हिस्सा टूटकर गिर गया और कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। इस बीच राहत की बात यह रही कि हादसा देर रात हुआ, इसलिए कोई जनहानि नहीं हुई।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह, जोरदार टक्कर से मचा हड़कंप
प्रत्यक्षदर्शियों ने बतया कि कार भोपाल नाका की तरफ से तेज गति में आ रही थी, तभी चालक का नियंत्रण गाड़ी से हट गया और कार जाकर सीधे मंदिर की दीवार से टकरा गई। साथ ही बतया कि टक्कर की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंच गए और कुछ देर के लिए इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था।
मंदिर की दीवार ढही, कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त
मिली जानकारी के तहत हादसे में मंदिर की बाहरी दीवार का बड़ा हिस्सा ढह गया और मलबा चारों ओर फैल गया। वहीं कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिसमें बोनट और बंपर बुरी तरह दब गए है। गनीमत रही कि घटना रात में हुई, वरना बड़ा नुकसान हो सकता था।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और नियंत्रण खोना हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में स्पीड कंट्रोल और सुरक्षा इंतजाम बढ़ाने की मांग की है।