बद्रीनाथ से उड़ान भरने के बाद हेलिकॉप्टर लापता, जोशीमठ के पास हुआ क्रैश; 6 लोग थे सवार
उत्तराखंड में बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा ट्रांस भारत एविएशन का हेलिकॉप्टर जोशीमठ घाटी के पास क्रैश हो गया। इसमें पायलट समेत छह लोग सवार थे। संपर्क टूटने के बाद SDRF और प्रशासन की टीमें रेस्क्यू में जुटी हैं। खराब मौसम के बीच हुए हादसे की वजह की जांच की जा रही है।


Uttarakhand Helicopter Crash: उत्तराखंड में बद्रीनाथ से देहरादून जा रहा एक प्राइवेट हेलिकॉप्टर शुक्रवार दोपहर हादसे का शिकार हो गया। हेलिकॉप्टर में पायलट सहित छह लोग सवार थे। उड़ान के कुछ समय बाद जोशीमठ घाटी के ऊपर उसका संपर्क टूट गया। इसके बाद ट्रैकिंग सिस्टम पर भी उसकी लोकेशन दिखाई देना बंद हो गई।
दोपहर 1:14 बजे बद्रीनाथ से भरी थी उड़ान
जानकारी के मुताबिक, हेलिकॉप्टर ने दोपहर करीब 1:14 बजे बद्रीनाथ से देहरादून के सहस्रधारा के लिए उड़ान भरी थी। जोशीमठ घाटी के ऊपर पहुंचने के बाद उससे संपर्क नहीं हो पाया। कुछ देर बाद उसकी ट्रैकिंग लोकेशन भी मिलनी बंद हो गई।
पहाड़ी क्षेत्र में रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
डीएसपी मदन सिंह बिष्ट ने बताया कि हादसे की सूचना मिलने के बाद SDRF की टीम पहाड़ी इलाके में बचाव अभियान के लिए रवाना हुई। टीम को दुर्गम रास्ते से घटनास्थल तक पहुंचने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है।
आपदा प्रबंधन अधिकारी नंदकिशोर जोशी ने बताया कि जेपी डैम के ऊपर जंगल में सफेद रंग की किसी वस्तु में आग लगने की सूचना मिली थी। इसकी पुष्टि के लिए दूसरे हेलिकॉप्टर भी भेजे गए।
ट्रांस भारत एविएशन का था हेलिकॉप्टर
बता दें, हादसे में शामिल हेलिकॉप्टर ट्रांस भारत एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का है। इसमें पायलट कैप्टन हिमांशु के साथ पांच यात्री सवार थे। यात्रियों की पहचान प्रतापा, अरुण, शंकर गौड़ा, सुधीर के. और एचएस नटराज के रूप में हुई है।
घटना के बाद एहतियात के तौर पर कंपनी के सभी हेलिकॉप्टरों की उड़ानें रोक दी गई हैं। फिलहाल हादसे के कारणों और सवार लोगों की स्थिति को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
खराब मौसम के बीच हुआ हादसा
वहीं, उत्तराखंड के कई इलाकों में शुक्रवार को बारिश और बर्फबारी का दौर जारी था। ऐसे मौसम में पहाड़ी क्षेत्रों में उड़ान भरना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। हालांकि, इस हादसे की वजह खराब मौसम ही था या कोई तकनीकी समस्या, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
उत्तराखंड में पहले भी हो चुके हैं हेलिकॉप्टर हादसे
केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार, उत्तराखंड में 2020 से जुलाई 2025 के बीच सात हेलिकॉप्टर दुर्घटनाएं हुई थीं। इन घटनाओं में 21 लोगों की जान गई थी। वहीं, 2023 से 2025 के दौरान राज्य में छह हेलिकॉप्टर हादसे दर्ज किए गए थे।