‘ईठा’ के ट्रेलर में श्रद्धा कपूर का बदला अंदाज, लावणी के मंच से संघर्ष की कहानी
श्रद्धा कपूर की फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें वह महाराष्ट्र की मशहूर लावणी और तमाशा कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर की भूमिका निभा रही हैं। रणदीप हुड्डा भी अहम किरदार में हैं। फिल्म 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।


Eetha Trailer Release: श्रद्धा कपूर एक बार फिर पर्दे पर बिल्कुल नए अवतार में नजर आने वाली हैं। उनकी आगामी फिल्म ‘ईठा’ का ट्रेलर रिलीज हो गया है। इसमें अभिनेत्री महाराष्ट्र की मशहूर तमाशा और लावणी कलाकार विठाबाई नारायणगांवकर का किरदार निभा रही हैं। ट्रेलर में एक तरफ रंगमंच की रौनक और दर्शकों की तालियां हैं, तो दूसरी ओर एक कलाकार के निजी जीवन का संघर्ष और भावनात्मक उथल-पुथल भी दिखाई गई है।
लावणी की दुनिया में श्रद्धा का नया रूप
बता दें, मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले बनी ‘ईठा’ एक म्यूजिकल ड्रामा है। फिल्म की कहानी ऐसी कलाकार के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसने तमाम मुश्किलों के बावजूद अपनी कला का साथ नहीं छोड़ा।
ट्रेलर में श्रद्धा कभी मंच पर नृत्य करती दिखाई देती हैं, तो कभी अपने भीतर चल रही लड़ाई से जूझती नजर आती हैं। उनके किरदार में शोहरत की चमक के साथ टूटते भरोसे और आत्मसम्मान की कसक भी नजर आती है।
पोस्टर पर गुस्सा और खुद से सवाल करती दिखीं श्रद्धा
वहीं, ट्रेलर की शुरुआत नृत्य के दृश्यों से होती है, लेकिन कहानी जल्द ही गंभीर मोड़ लेती है। एक दृश्य में श्रद्धा अपने ही पोस्टर पर गुस्सा जाहिर करती हैं। इसके बाद उनका किरदार खुद से सवाल करता नजर आता है। यह हिस्सा दिखाता है कि मंच पर तालियां बटोरने वाली कलाकार की निजी जिंदगी कितनी मुश्किलों से घिरी रही। फिल्म में कला के प्रति लगाव, पहचान की तलाश और मुश्किल हालात में खुद को संभालने की कहानी को जगह दी गई है।
रणदीप हुड्डा भी निभाएंगे अहम किरदार
जानकारी के अनुसार, ट्रेलर में रणदीप हुड्डा की भी झलक दिखाई गई है। वह फिल्म में ‘मर्चेंट’ का किरदार निभा रहे हैं, जिन्हें कहानी में विठाबाई के पति के रूप में दिखाया गया है। हालांकि, ट्रेलर में उनके किरदार से जुड़ी पूरी जानकारी सामने नहीं आई है। फिल्म में मोहम्मद जीशान अय्यूब, अनंत जोशी, सिद्धार्थ जाधव, अक्षरा सिंह और उल्का गुप्ता भी नजर आएंगे।
4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म
‘ईठा’ 4 दिसंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होने वाली है। ट्रेलर सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर श्रद्धा के नए लुक और गंभीर किरदार को लेकर प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं। दर्शक इसे अभिनेत्री के अब तक के अलग-अलग किरदारों से हटकर एक नई भूमिका के तौर पर देख रहे हैं।
कौन थीं विठाबाई नारायणगांवकर?
विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर महाराष्ट्र की जानी-मानी तमाशा कलाकार, लावणी नर्तकी और लोक गायिका थीं। उनका जन्म 1 जुलाई 1935 को पंढरपुर में हुआ था। उन्होंने कम उम्र में ही पारंपरिक तमाशा और लावणी की दुनिया में अपनी पहचान बनानी शुरू कर दी थी।
कला के क्षेत्र में योगदान के लिए उन्हें 1957 और 1990 में राष्ट्रपति पदक से सम्मानित किया गया। लोकप्रियता मिलने के बावजूद उनका जीवन आर्थिक परेशानियों से भी घिरा रहा। 15 जनवरी 2002 को उनका निधन हो गया।
उनकी कला को सम्मान देने के लिए महाराष्ट्र सरकार ने 2006 से ‘विठाबाई नारायणगांवकर लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ शुरू किया। फिल्म ‘ईठा’ के जरिए उनकी जिंदगी और कला के सफर को बड़े पर्दे पर पेश किया जा रहा है।
