‘मोदी को मिले भारत रत्न’, Gen Z की मांग पर BJP सांसद विक्रमजीत ने उठाया मुद्दा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत रत्न देने की मांग भाजपा के राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने अमित शाह की मौजूदगी में उठाई। सम्मान पर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है।

Bharat Ratna Demand for PM Modi: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को देश के सर्वोच्च नागरिक सम्मान भारत रत्न से सम्मानित करने की मांग सामने आई है। पंजाब से भाजपा के राज्यसभा सांसद डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में यह मांग उठाई। उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों और देश के प्रति उनके योगदान का हवाला देते हुए कहा कि नरेंद्र मोदी इस सम्मान के योग्य हैं। हालांकि, भारत रत्न देने को लेकर सरकार की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
Gen Z की चर्चा के बीच भारत रत्न की मांग
बता दें, प्रधानमंत्री मोदी को भारत रत्न देने की मांग को लेकर युवा पीढ़ी का जिक्र भी चर्चा में है। जिसमें 2,500 से अधिक Gen Z युवाओं ने सामूहिक रूप से अमित शाह को औपचारिक मांग सौंपी थी। भारत रत्न देने की मांग सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने दिल्ली में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान रखी।
‘25 साल की जनसेवा असाधारण यात्रा’
डॉ. विक्रमजीत सिंह साहनी ने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों का उल्लेख करते हुए उनके योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि देश के प्रति समर्पण और निस्वार्थ सेवा को देखते हुए नरेंद्र मोदी को भारत रत्न से सम्मानित किया जाना चाहिए।
साथ ही यह भी कहा की प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारत की वैश्विक छवि और पहचान में व्यापक बदलाव आया है। यह उनका व्यक्तिगत राजनीतिक मत है; भारत रत्न के लिए किसी व्यक्ति की पात्रता पर अंतिम निर्णय निर्धारित सरकारी प्रक्रिया के तहत होता है।
अमित शाह ने किया ‘मन की बात’ प्रदर्शनी का उद्घाटन
जानकारी के अनुसार, यह मांग 28 अक्टूबर को नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय संग्रहालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान सामने आई। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन पर आधारित ‘मन की बात’ विषयक चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
वर्ल्ड पंजाबी ऑर्गनाइजेशन की ओर से आयोजित इस प्रदर्शनी में कलाकार मनजीत सिंह की बनाई 76 पेंटिंग्स प्रदर्शित की गईं। इनके जरिए प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन और विभिन्न पहलों को दर्शाया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू भी मौजूद थे।
