मोहन सरकार ने किसानों के हितों में लिया फैसला, MP में छुट्टी के दिन भी बिकेगी सोयाबीन-मक्का
मध्यप्रदेश सरकार ने सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों को राहत देने के लिए छुट्टियों में भी मंडियां खुली रखने का फैसला किया है। अब किसान अवकाश के दिनों में भी अपनी उपज बेच सकेंगे। मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि किसानों की सुविधा और उनके हित सरकार की प्राथमिकता हैं।

Soybean and Maize Procurement in MP: मध्यप्रदेश के सोयाबीन और मक्का उत्पादक किसानों को अब मंडियों में उपज बेचने के लिए छुट्टियों के खत्म होने का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। राज्य सरकार ने फैसला किया है कि अवकाश के दिनों में भी इन दोनों फसलों की खरीदी के लिए मंडियां खुली रहेंगी। इससे किसानों को उपज बेचने के लिए अतिरिक्त दिन मिलेंगे और उन्हें अपनी सुविधा के अनुसार मंडी पहुंचने का मौका मिलेगा।
किसान हितों को प्राथमिकता
सीएम डॉ. मोहन यादव ने कहा कि किसानों की सुविधा, उनकी मेहनत का उचित मूल्य और उनके हितों की सुरक्षा सरकार की प्राथमिकता है। इसी सोच के साथ मंडियों को अवकाश के दिनों में भी चालू रखने का फैसला किया गया है।
छुट्टियों में भी जारी रहेगी खरीदी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है। सरकार का उद्देश्य है कि सोयाबीन और मक्का लेकर मंडी पहुंचने वाले किसानों को अवकाश के कारण वापस न लौटना पड़े। छुट्टी के दिनों में भी खरीदी की व्यवस्था रहने से किसान अपनी उपज बेचने की योजना आसानी से बना सकेंगे।
किसानों को मिलेगा बिक्री का अतिरिक्त मौका
बता दें, कई बार सरकारी अवकाश के चलते मंडियों में कामकाज बंद रहता है। ऐसे में किसानों को उपज बेचने के लिए दूसरे दिन का इंतजार करना पड़ता है। नई व्यवस्था से सोयाबीन और मक्का उत्पादकों को बिक्री के लिए अतिरिक्त अवसर मिलेंगे। साथ ही मंडियों में उपज की आवक और खरीदी का काम जारी रखने में मदद मिलेगी। इस निर्णय से प्रदेश के सोयाबीन और मक्का उत्पादकों को राहत मिलने की उम्मीद है।