VIT Bhopal student health : भोपाल। वीआईटी यूनिवर्सिटी भोपाल में टाइफाइड संक्रमण के मामलों में लगातार बढ़ोतरी देखी जा रही है। बुधवार को 5 नए छात्रों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद कुल संक्रमित छात्रों की संख्या बढ़कर 28 हो गई है।
इसी दिन करीब 20 छात्र बुखार की शिकायत लेकर चिरायु मेडिकल कॉलेज पहुंचे। सभी छात्रों की ओपीडी में जांच की गई और डॉक्टरों ने आवश्यक दवाएं देकर उन्हें वापस भेज दिया।
11 दिनों में 270 छात्रों में बुखार की शिकायत
अस्पताल प्रशासन के अनुसार पिछले 11 दिनों में लगभग 270 छात्र बुखार और मौसमी बीमारियों की शिकायत लेकर ओपीडी पहुंचे हैं, जिनका उपचार किया गया है।
टाइफाइड प्रोटोकॉल के तहत इलाज जारी
चिरायु मेडिकल कॉलेज के डायरेक्टर डॉ. अजय गोयनका ने बताया कि नए संक्रमित छात्रों का इलाज निर्धारित टाइफाइड प्रोटोकॉल के तहत किया जा रहा है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
यूनिवर्सिटी प्रशासन का बयान
वीआईटी यूनिवर्सिटी प्रबंधन ने बताया कि पिछले 10 दिनों में 8 छात्रों को मौसमी बीमारी के कारण भर्ती किया गया था, जिन्हें उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।
परीक्षाएं स्थगित
प्रबंधन ने कहा कि गर्मी और मौसम की स्थिति को देखते हुए प्रथम वर्ष के छात्रों की परीक्षाएं फिलहाल स्थगित कर दी गई हैं, ताकि छात्रों के स्वास्थ्य पर अतिरिक्त दबाव न पड़े।
छात्रों में लगातार बढ़ रहे बुखार और टाइफाइड मामलों ने कैंपस में स्वास्थ्य सुरक्षा और स्वच्छता व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ा दी है। स्वास्थ्य विभाग स्थिति पर नजर बनाए हुए है।