CM Mohan Yadav: बैतूल। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का बैतूल दौरा सिर्फ सरकारी कार्यक्रमों तक सीमित नहीं रहा। बल्कि उन्होंने बैतूल जिले के प्रसिद्ध हिल स्टेशन कुकरू में एक ग्रामीण परिवार के घर पहुंचकर उनके साथ भोजन किया और बाद में रात्रि चौपाल में शामिल होकर ग्रामीणों से सीधे संवाद भी किया। मुख्यमंत्री के इस आत्मीय अंदाज ने गांव के लोगों का दिल जीत लिया है।
ग्रामीण परिवार के साथ किया भोजन
आपको दें कि, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कुकरू निवासी शानु मंगल भुसुमकर के घर पहुंचकर उनके परिवार के साथ जमीन पर बैठकर श्रीअन्न से तैयार भोजन किया। मुख्यमंत्री को अपने घर पर पाकर परिवार के सदस्य भावुक नजर आए, वहीं आसपास के ग्रामीणों में भी उत्साह का माहोल देखने को मिला। फिर भोजन के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि बैतूल प्रवास के दौरान एक ग्रामीण परिवार के घर भोजन करने का यह अनुभव हमेशा उनकी यादों में रहेगा।
परिवार से जाना स्थानीय संस्कृति और जीवनशैली
मुख्यमंत्री ने भोजन के दौरान परिवार के सदस्यों से स्थानीय संस्कृति, परंपराओं और खान-पान को लेकर भी बातचीत की। इस दौरान शानु मंगल भुसुमकर ने बताया कि उन्हें वर्ष 2019-20 में प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिला था, जिससे उनका पक्का घर बनने का सपना पूरा हुआ।
इस मौके पर केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक हेमंत खंडेलवाल, भैंसदेही विधायक महेंद्र सिंह चौहान, मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर सहित जिला प्रशासन के अधिकारी भी मौजूद रहे।
रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से सीधा संवाद
भोजन के बाद मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत कुकरू में आयोजित रात्रि चौपाल में हिस्सा लिया। यहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं और उनसे आत्मीय बातचीत की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गांवों की सादगी, लोगों का अपनापन और उनका विश्वास ही जनसेवा की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों का स्नेह उन्हें प्रदेश के विकास के लिए और अधिक मेहनत करने की प्रेरणा देता है।
MP Rain Alert : मध्य प्रदेश में मानसून की जोरदार दस्तक, कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट
सीएम ने ग्रामीणों का जताया आभार
इसके बाद रात्रि चौपाल के दौरान मुख्यमंत्री ने कुकरू के ग्रामीणों का आभार जताते हुए कहा कि सरकार गांवों के विकास और किसानों की खुशहाली के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने भरोसा दिलाया कि ग्रामीण क्षेत्रों के विकास से जुड़े कार्य आगे भी प्राथमिकता के साथ जारी रहेंगे।
