Raisen Crime News: रायसेन। रायसेन जिले के सिलवानी क्षेत्र में वेयरहाउस से मूंग की हेराफेरी के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले की कार्रवाई करते हुए पुलिस ने पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से 400 बोरी मूंग और परिवहन में इस्तेमाल किया गया एक पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया है। बरामद मूंग की कीमत करीब 73 लाख 60 हजार रुपए बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों को बुधवार को जिला न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले में फरार अन्य आरोपियों और शेष मूंग की तलाश में जुटी है।
Harda News Today : हरदा में होटल के पास मिला अज्ञात बुजुर्ग का शव, पहचान में जुटी पुलिस
1760 बोरी मूंग गायब होने का मामला
जानकारी के मुताबिक सिलवानी थाना क्षेत्र स्थित सर्वोदयश्री वेयरहाउस, नीगरी से 1760 बोरी यानी करीब 880 क्विंटल मूंग गायब होने की शिकायत सामने आई थी। मामले की सबसे चौंकाने वाली बात यह थी कि गोदाम का ताला टूटा नहीं था, जिससे शुरुआत से ही हेराफेरी की आशंका जताई जा रही थी।
मामले की जांच अपर कलेक्टर स्तर पर कराई गई। जांच रिपोर्ट के आधार पर मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन के जिला प्रबंधक की शिकायत पर सिलवानी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया।
गोदाम मालिक और प्रबंधक समेत कई लोगों पर केस
पुलिस ने जांच के दौरान गोदाम मालिक एकता जैन, संचालक अर्पित जैन और मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग एवं लॉजिस्टिक कॉर्पोरेशन की सिलवानी शाखा के प्रबंधक अवधेश गौर समेत अन्य लोगों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक आशुतोष गुप्ता के निर्देश पर एसडीओपी कुंवर सिंह मुकाती के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई। जांच के दौरान पुलिस ने अर्पित जैन, नफीस खान, कासिम अली, लखन गौर और सीताराम पाल को गिरफ्तार कर लिया।
400 बोरी मूंग और पिकअप वाहन जब्त
पूछताछ और दबिश के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 400 बोरी मूंग बरामद की। इसके अलावा मूंग के परिवहन में इस्तेमाल किया गया सफेद रंग का पिकअप वाहन भी जब्त कर लिया गया।
इस पर पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। साथ ही हेराफेरी की गई बाकी मूंग की बरामदगी के लिए भी लगातार कार्रवाई की जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में सिलवानी थाना पुलिस और विशेष जांच टीम की अहम भूमिका रही।