Narmadapuram Crime News: नर्मदापुरम। नर्मदापुरम जिले में एक ढाबा संचालक की गोली मारकर हत्या किए जाने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। शोभापुर क्षेत्र के पास बुधवार तड़के उसका शव नहर की पुलिया के ऊपर मिला। मृतक के सिर में गोली लगने के निशान भी मिले हैं। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, वह मंगलवार रात एक नकाबपोश युवक के साथ अपने ढाबे से निकला था, जिसके बाद वापस नहीं लौटा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल बन गया है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।
रात में ढाबे से निकला, सुबह मिला शव
जानकारी के तहत मृतक की पहचान 35 वर्षीय सचिन राजपूत के रूप में हुई है, जो सोहागपुर का रहने वाला था। वह अजनेरी के पास पिपरिया मार्ग पर ‘राजपूत ढाबा’ का संचालन करता था। परिजनों के अनुसार, मंगलवार रात वह घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था और बाद में ढाबे पर पहुंचा था। एसडीओपी संजू चौहान के मुताबिक, रात करीब 8 बजे मुंह पर कपड़ा बांधे एक युवक ढाबे पर आया था। कुछ देर बाद सचिन उसी युवक के साथ वहां से चला गया।
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
लेकिन काफी देर तक घर नहीं लौटने पर परिजनों और ढाबे के कर्मचारियों ने उसकी तलाश शुरू कर दी। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने शोभापुर पुलिस चौकी पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने जांच के दौरान सचिन की मोबाइल लोकेशन ट्रेस की। लोकेशन पिपरिया-नर्मदापुरम स्टेट हाईवे से करीब एक किलोमीटर दूर रानी पिपरिया नहर के पास मिली। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो नहर की पुलिया पर सचिन का शव पड़ा मिला।
पुलिस के अनुसार, मृतक के सिर के दाहिने हिस्से में गोली लगने के निशान मिले हैं। घटनास्थल के आसपास खून के निशान भी मिले हैं। इसके बाद पुलिस ने पूरे इलाके को घेरकर जांच शुरू की और जरूरी साक्ष्य जुटाए।
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस
इस घटना की सूचना मिलते ही सोहागपुर थाना और शोभापुर चौकी की पुलिस मौके पर पहुंच गई। जांच के लिए एफएसएल और फिंगर प्रिंट टीम को भी बुलाया गया, जिन्होंने घटनास्थल से सबूत जुटाए।
एसपी सांई कृष्णा एस. थोटा ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। जिस नकाबपोश युवक के साथ मृतक को आखिरी बार देखा गया था, उसकी तलाश तेज़ी से शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के मार्गों के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं।