Raisen Weather News: रायसेन। रायसेन जिले में मानसून की आधिकारिक एंट्री से पहले ही मौसम मेहरबान नजर आ रहा है। पिछले पांच दिनों से रुक-रुक कर हो रही प्री-मानसून बारिश ने लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी है। तेज हवाओं और बारिश के चलते तापमान में भी गिरावट आई है, जिससे मौसम सुहावना बना हुआ है। वहीं, अच्छी बारिश की उम्मीद के साथ किसानों ने भी खरीफ सीजन की तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार दोपहर करीब 2 बजे जिले में तेज बारिश हुई, जो करीब आधे घंटे तक जारी रही। इसके बाद शाम तक हल्की बारिश का दौर चलता रहा। बारिश के कारण शहर के कई इलाकों में सड़कों पर पानी जमा हो गया और लोगों को आवाजाही में कुछ परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश में 21 से 23 जून के बीच मानसून प्रवेश कर सकता है। विभाग ने बुधवार को भी जिले में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है।
धान की बुवाई की तैयारी में जुटे किसान
बारिश के साथ ही जिले के किसानों ने खेतों में गतिविधियां बढ़ा दी हैं। किसान कृषि यंत्रों की मदद से खेतों की जुताई और समतलीकरण कर रहे हैं, ताकि समय पर धान की बुवाई शुरू की जा सके। लगातार हो रही बारिश से किसानों में उत्साह देखा जा रहा है और वे इस बार अच्छी फसल की उम्मीद कर रहे हैं।
तापमान में आई गिरावट
लगातार बारिश का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। मंगलवार को जिले का अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान में कमी आने से लोगों को गर्मी से राहत मिली है। मानसून को देखते हुए नगर पालिका भी अलर्ट मोड में आ गई है। शहर के जलभराव वाले क्षेत्रों और नालों की सफाई का काम तेज कर दिया गया है। प्रशासन का प्रयास है कि बारिश के दौरान लोगों को जलभराव और अन्य समस्याओं का सामना न करना पड़े।