CM Destination Cabinet : भोपाल। मध्य प्रदेश सरकार एक बार फिर ऐतिहासिक धरोहरों को नई पहचान देने की दिशा में कदम बढ़ा रही है। इसी कड़ी में भोपाल के पास स्थित जगदीशपुर में जल्द ही डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक आयोजित की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जगदीशपुर के ऐतिहासिक किले और उसके गौरवशाली इतिहास को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए अधिकारियों को विशेष निर्देश दिए हैं।
पुराने किले के इतिहास को मिलेगी नई पहचान
मुख्यमंत्री ने संस्कृति विभाग की समीक्षा बैठक में जगदीशपुर के पुराने किले की विस्तृत जानकारी ली। उन्होंने कहा कि इस ऐतिहासिक स्थल के महत्व को देशभर तक पहुंचाने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं, ताकि लोग इसकी ऐतिहासिक विरासत से परिचित हो सकें।
डेस्टिनेशन कैबिनेट की तैयारियां शुरू
सरकार ने जगदीशपुर में कैबिनेट बैठक आयोजित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इससे पहले इंदौर के राजवाड़ा, खरगोन के महेश्वर, दमोह के संग्रामपुर और खजुराहो जैसे ऐतिहासिक स्थलों पर भी कैबिनेट बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। अब जगदीशपुर इस सूची में शामिल होने जा रहा है।
बैठक में मुख्य सचिव सहित संस्कृति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कैबिनेट बैठक से जुड़ी सभी तैयारियां समय पर पूरी की जाएं और जगदीशपुर के ऐतिहासिक महत्व को व्यापक स्तर पर प्रचारित किया जाए।
इस्लाम नगर से बना जगदीशपुर
गौरतलब है कि कुछ समय पहले इस्लाम नगर का नाम बदलकर जगदीशपुर किया गया था। अब यहां होने वाली डेस्टिनेशन कैबिनेट बैठक से क्षेत्र को नई पहचान मिलने के साथ-साथ पर्यटन और सांस्कृतिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।