Twisha Sharma case : भोपाल। भोपाल में एक्ट्रेस और मॉडल ट्विशा शर्मा की संदिग्ध मौत का मामला लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। इस केस में हर दिन नए खुलासे और कार्रवाई सामने आ रही है।
आरोपी पति समर्थ सिंह गिरफ्तार
मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने आरोपी पति समर्थ सिंह को जबलपुर से गिरफ्तार कर लिया है और उसे भोपाल लाकर कोर्ट में पेश करने की तैयारी की गई है। समर्थ की गिरफ्तारी के बाद मामले की जांच ने रफ्तार पकड़ ली है।
CCTV फुटेज में दिखी ट्विशा
घटना से पहले का एक CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें ट्विशा अपने ससुराल के पास स्थित ब्यूटी पार्लर में मेकअप कराती हुई नजर आ रही हैं। बताया जा रहा है कि यह पार्लर उनके घर से महज कुछ ही दूरी पर था। पुलिस ने इस फुटेज को जांच में शामिल कर लिया है और इसे अहम सबूत के तौर पर देखा जा रहा है।
घटना और शुरुआती जांच
12 मई को ट्विशा शर्मा की मौत उनके ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई थी। शुरुआती जांच में ससुराल पक्ष ने इसे आत्महत्या बताया, जबकि मायके पक्ष ने पति और सास पर हत्या का गंभीर आरोप लगाया है। परिवार का दावा है कि ट्विशा को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था और वह कई बार इसकी जानकारी अपने परिजनों को दे चुकी थीं।
आखिरी यात्रा की जानकारी
जांच में यह भी सामने आया है कि ट्विशा ने मौत से पहले अजमेर जाने के लिए ट्रेन टिकट बुक कराया था, जहां वह अपने भाई से मिलने वाली थीं, लेकिन उससे पहले ही यह घटना हो गई।
फरारी और पहचान छिपाने का प्रयास
फरारी के दौरान आरोपी पति समर्थ सिंह पर पहचान छिपाने का आरोप भी है। बताया गया कि उसने दाढ़ी बढ़ाकर, कैप और मास्क लगाकर खुद को छिपाने की कोशिश की। बाद में वह जबलपुर कोर्ट में सरेंडर करने पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। इस बीच बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने समर्थ सिंह का वकालत लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
हाईकोर्ट का आदेश और पोस्टमॉर्टम
हाईकोर्ट ने मामले में अहम कदम उठाते हुए ट्विशा के शव का दोबारा पोस्टमॉर्टम कराने के आदेश दिए हैं। यह पोस्टमॉर्टम AIIMS भोपाल में दिल्ली AIIMS की निगरानी में किया जाएगा और पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी होगी।
CBI जांच की संभावना
मामला अब केवल पुलिस जांच तक सीमित नहीं रहा है, बल्कि राज्य सरकार ने इसकी CBI जांच के लिए केंद्र को पत्र भी भेजा है। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच की मांग कर रहा है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ की तैयारी में है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना के दिन आखिर क्या हुआ था और फरारी के दौरान उसे किसने मदद दी। अदालत में पेशी और आगे की रिमांड इस केस की दिशा तय करेगी।