NEET UG 2026 : देश। देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET-UG में पेपर लीक विवाद के बाद केंद्र सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने शुक्रवार को घोषणा की कि अगले साल से NEET-UG परीक्षा ऑनलाइन यानी कंप्यूटर बेस्ड टेस्ट (CBT) मोड में आयोजित की जाएगी।
सरकार ने यह भी स्वीकार किया कि 3 मई 2026 को आयोजित NEET-UG परीक्षा में पेपर लीक हुआ था। इसी वजह से परीक्षा रद्द करने का फैसला लिया गया। अब दोबारा परीक्षा 21 जून 2026 को कराई जाएगी।
शिक्षा मंत्री बोले- गलत चयन नहीं होने देंगे
धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि सरकार नहीं चाहती थी कि किसी गलत तरीके से परीक्षा देने वाले उम्मीदवार का चयन हो जाए। उन्होंने बताया कि 7 मई को परीक्षा में गड़बड़ी की जानकारी मिली थी, जिसके बाद 12 मई को री-एग्जाम कराने का फैसला लिया गया।
उन्होंने कहा कि इस बार छात्रों को परीक्षा में 15 मिनट अतिरिक्त समय दिया जाएगा। साथ ही उम्मीदवार अपनी पसंद का परीक्षा केंद्र चुन सकेंगे।
अगले साल से ऑनलाइन मोड में होगी परीक्षा
शिक्षा मंत्रालय का मानना है कि ऑनलाइन परीक्षा प्रणाली लागू होने से पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों पर रोक लगाने में मदद मिलेगी। अभी तक NEET-UG परीक्षा OMR आधारित ऑफलाइन मोड में आयोजित होती रही है।
सीबीआई जांच में अब तक 7 गिरफ्तार
पेपर लीक मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (सीबीआई) कर रही है। जांच एजेंसी अब तक 7 लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है। जांच में सामने आया कि प्रश्नपत्र की हार्ड कॉपी स्कैन कर PDF बनाई गई और उसे राजस्थान समेत कई राज्यों तक पहुंचाया गया।
लगातार पेपर लीक और परीक्षा विवादों के बाद राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (एनटीए) की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। छात्र संगठनों और अभिभावकों ने परीक्षा प्रणाली में बड़े सुधार की मांग की है।
देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा
NEET-UG देशभर के मेडिकल कॉलेजों में MBBS, BDS, BAMS, BHMS और अन्य मेडिकल कोर्सों में प्रवेश के लिए आयोजित की जाती है। यह परीक्षा राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी आयोजित करती है और इसके जरिए देशभर की लाखों मेडिकल सीटों पर दाखिला मिलता है।