NEET UG 2026 परीक्षा रद्द: देश की सबसे बड़ी मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 एक बार फिर विवादों में आ गई है। करीब 23 लाख छात्रों द्वारा दी गई इस परीक्षा को अब रद्द कर दिया गया है। पेपर लीक के गंभीर आरोपों और शुरुआती जांच में मिले इनपुट्स के बाद नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने परीक्षा दोबारा कराने का फैसला लिया है।
इस मामले की जांच अब केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को सौंप दी गई है। फैसले के बाद देशभर के छात्रों और अभिभावकों में चिंता और नाराजगी का माहौल है।
3 मई को हुई थी परीक्षा
NEET UG 2026 परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी। परीक्षा के बाद सोशल मीडिया और कई राज्यों से पेपर लीक की शिकायतें सामने आने लगीं। आरोप लगे कि परीक्षा से पहले ही कई सवाल कुछ छात्रों तक पहुंच गए थे।
NTA ने बयान जारी कर कहा कि परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता बनाए रखने के लिए केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद परीक्षा रद्द करने का निर्णय लिया गया है। नई परीक्षा तिथि जल्द घोषित की जाएगी।
छात्रों को दोबारा रजिस्ट्रेशन नहीं करना होगा
NTA के अनुसार छात्रों को दोबारा आवेदन करने की जरूरत नहीं होगी। पुराने परीक्षा केंद्र ही बनाए रखे जाएंगे, लेकिन नई परीक्षा के लिए फ्रेश एडमिट कार्ड जारी किए जाएंगे।
एजेंसी ने यह भी कहा है कि परीक्षा फीस वापस की जाएगी और छात्रों को जल्द नई प्रक्रिया की जानकारी दी जाएगी।
जयपुर से जुड़े मिले पेपर लीक नेटवर्क के तार
जांच एजेंसियों के अनुसार पेपर लीक नेटवर्क के तार राजस्थान के जयपुर से जुड़े नजर आ रहे हैं। राजस्थान SOG ने जयपुर से मनीष नाम के आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसे इस पूरे नेटवर्क का मास्टरमाइंड बताया जा रहा है।
आरोप है कि गैंग ने असली सवालों में कुछ अन्य सवाल जोड़कर एक “क्वेश्चन बैंक” तैयार किया और उसे छात्रों तक पहुंचाया। जांच में कई छात्रों द्वारा पैसों के लेनदेन की बात भी सामने आई है।
720 में से 600 नंबर के सवाल लीक होने का दावा
जांच एजेंसियों के मुताबिक परीक्षा से पहले करीब 600 नंबर के सवाल छात्रों तक पहुंच चुके थे। छात्रों के पास मिले हाथ से लिखे गैस पेपर के कई सवाल असली परीक्षा से हूबहू मेल खाते पाए गए।
10 मई को राजस्थान SOG ने देहरादून, सीकर और झुंझुनूं से 15 संदिग्धों को हिरासत में लिया। जांच में एक MBBS छात्र की भूमिका भी सामने आई है, जिसने कथित तौर पर परीक्षा से पहले सवाल साझा किए थे।
Pahalgam Attack Tribute : रायसेन की बेटी अंजना यादव ने फतह की हिमालय की 6119 मीटर ऊंची लोबुचे चोटी
पहले भी विवादों में रही है NTA
यह पहली बार नहीं है जब NTA सवालों के घेरे में आई हो। 2024 में भी NEET परीक्षा में पेपर लीक के आरोप लगे थे। बिहार और झारखंड में जांच के दौरान कई गिरफ्तारियां हुई थीं। हालांकि उस समय सुप्रीम कोर्ट ने पूरी परीक्षा रद्द नहीं की थी। पिछले कुछ वर्षों में भी एजेंसी पर गलत मार्किंग, रिजल्ट गड़बड़ी और टॉपर विवाद जैसे आरोप लगते रहे हैं। परीक्षा रद्द होने के बाद लाखों छात्रों के सामने अब तैयारी, मानसिक दबाव और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है। कई छात्र महीनों से परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और अब उन्हें दोबारा परीक्षा देनी होगी।
सबसे बड़ा सवाल यही है कि आखिर देश की सबसे अहम मेडिकल प्रवेश परीक्षा बार-बार विवादों में क्यों फंस रही है और क्या इस बार CBI जांच पूरे नेटवर्क का सच सामने ला पाएगी।