Raisen Murder Case : रायसेन। मध्यप्रदेश के रायसेन जिले में मिले एक सड़े-गले शव ने ऐसी कहानी सामने ला दी, जिसमें प्यार, पैसा, धोखा और हत्या सब कुछ शामिल था।
7 मई को बाड़ी थाना क्षेत्र के नागिन मोड़ सिरवारा ब्रिज के नीचे 40 फीट गहरी खाई में एक युवक की लाश मिली थी। शव की हालत इतनी खराब थी कि पहचान कर पाना मुश्किल था। हाथ-पैर बंधे हुए थे और मुंह पर टेप लगी थी। पुलिस के लिए यह पूरी तरह ब्लाइंड मर्डर था।
लेकिन कुछ दिनों की जांच के बाद जो कहानी सामने आई, उसने हर किसी को हैरान कर दिया।
Pahalgam Attack Tribute : रायसेन की बेटी अंजना यादव ने फतह की हिमालय की 6119 मीटर ऊंची लोबुचे चोटी
बचपन में छिना मां-बाप का साया
मुख्य आरोपी रीना पटेल की जिंदगी बचपन से ही संघर्षों से भरी रही। पुलिस जांच में सामने आया कि जब वह मां के गर्भ में थी, तभी उसके पिता की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। जन्म के कुछ महीनों बाद मां ने दूसरी शादी कर ली और बाद में आत्महत्या कर ली।
रीना की परवरिश उसकी मौसी ने की। किशोरावस्था में गांव के अरुण पटेल से उसकी नजदीकियां बढ़ीं, लेकिन परिवार वालों ने दोनों को साथ देख लिया। बदनामी के डर से 16 साल की उम्र में ही उसकी शादी कर दी गई।
पति से दूरी और फिर लौटा पहला प्यार
शादी के बाद करीब 13 साल तक रीना अपने पति के साथ रही। उसका एक बेटा भी है, लेकिन समय के साथ रिश्तों में दूरी बढ़ती गई। बाद में वह अलग रहने लगी और साईंखेड़ा में किराए के मकान में शिफ्ट हो गई।
इसी दौरान बचपन का प्रेमी अरुण पटेल फिर उसकी जिंदगी में लौटा। पुलिस के मुताबिक अरुण ने रीना पर जमकर पैसा खर्च किया। उसके नाम करोड़ों की एफडी, महंगा मकान, सोना, कार और आईफोन तक दिए गए। रीना की जिंदगी पूरी तरह बदल गई।
hospital controversy : डिलीवरी के कुछ घंटे बाद ANM की संदिग्ध मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप
रील्स बनाते-बनाते हुआ दूसरा प्यार
लग्जरी लाइफ मिलने के बाद रीना सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हो गई। वह महंगे कपड़ों, गहनों और कारों के साथ वीडियो और रील्स पोस्ट करती थी।
इन्हीं रील्स के जरिए राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी वीरू उर्फ पप्पू जाट उसकी जिंदगी में आया। लाइक और कमेंट से शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे रिश्ते में बदल गई। वीरू का मध्यप्रदेश में रेत कारोबार से जुड़ा काम था, इसलिए उसका नरसिंहपुर आना-जाना लगा रहता था।
प्रेम त्रिकोण बना हत्या की वजह
पुलिस के अनुसार करीब दो साल पहले अरुण को रीना और वीरू के रिश्ते की जानकारी मिल गई थी। इसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगे। एक झगड़े में अरुण गंभीर रूप से घायल भी हुआ था।
यहीं से वीरू को रास्ते से हटाने की साजिश शुरू हुई। योजना के तहत रीना ने वीरू को मिलने के बहाने घर बुलाया। वहां पहले से अरुण पटेल और उसका साथी हरनाम किरार मौजूद थे। जैसे ही वीरू घर पहुंचा, तीनों ने बेसबॉल बैट से उस पर हमला कर दिया। सिर पर लगातार वार किए गए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
200 किलोमीटर दूर फेंका शव
हत्या के बाद आरोपियों ने घर में फैला खून साफ किया। फिर शव के हाथ-पैर बांधकर, मुंह पर टेप लगाकर उसे बोरी में पैक किया गया।
इसके बाद शव को करीब 200 किलोमीटर दूर रायसेन जिले के नागिन मोड़ ब्रिज के नीचे खाई में फेंक दिया गया। शव सात दिन तक वहीं पड़ा रहा। बदबू आने पर फॉरेस्ट गार्ड ने पुलिस को सूचना दी।
नोटबुक ने खोल दिया पूरा राज
यह मामला पूरी तरह ब्लाइंड था, लेकिन घटनास्थल से मिले एक बैग में रखी नोटबुक पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग बन गई।
नोटबुक पर एक कोचिंग शिक्षक के साइन मिले। जांच करते हुए पुलिस नरसिंहपुर पहुंची और शिक्षक तक पहुंच गई। शिक्षक ने कॉपी पहचानते हुए बताया कि यह उनके 10 वर्षीय छात्र की है।
वह छात्र रीना पटेल का बेटा निकला। यहीं से पुलिस रीना तक पहुंच गई।
हत्या के बाद उज्जैन और मुंबई घूमते रहे आरोपी
पुलिस जब रीना के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला। मोबाइल फोन भी बंद थे। तकनीकी जांच और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस उज्जैन पहुंची, जहां एक होटल से रीना, अरुण पटेल और उनके साथी को गिरफ्तार कर लिया गया।
जांच में सामने आया कि हत्या के बाद आरोपी सामान्य जिंदगी जीने की कोशिश कर रहे थे और घूमने भी गए थे।
जेल भेजे गए तीनों आरोपी
मृतक की पहचान राजस्थान के भीलवाड़ा निवासी वीरू उर्फ पप्पू जाट के रूप में हुई। कोर्ट में पेशी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
यह मामला सिर्फ एक हत्या नहीं, बल्कि रिश्तों, लालच, सोशल मीडिया और धोखे के ऐसे जाल की कहानी बन गया, जिसने कई जिंदगियां बर्बाद कर दीं।

