Betul Suicide Case : बैतूल। बैतूल शहर में वसंत पेट्रोल पंप के पास किराए के मकान में रहने वाली 22 वर्षीय युवती ने शुक्रवार को फांसी लगाकर जान दे दी। मृतका की पहचान टिगरिया गांव निवासी दीपिका पवार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि दीपिका पिछले ढाई साल से अपने पिता के साथ बैतूल में रह रही थी।
नर्सिंग और प्रतियोगी परीक्षाओं की कर रही थी तैयारी
परिजनों के अनुसार दीपिका नर्सिंग और सिलाई का काम करती थी। इसके साथ ही वह विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी भी कर रही थी। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार को दीपिका के पिता रोज की तरह कोसमी स्थित फैक्ट्री में ड्यूटी पर गए थे। दिन में उन्होंने बेटी को फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। शाम तक मोबाइल बंद आने पर पिता चिंतित होकर घर पहुंचे। वहां कमरे का दरवाजा बंद मिला। अंदर देखने पर दीपिका पंखे से लटकी हुई मिली।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। जांच अधिकारी वसंत आहके ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस युवती के आत्महत्या करने के कारणों का पता लगाने में जुटी है।
Raisen River Mining : रायसेन की रिछन नदी में अवैध उत्खनन, प्रशासन पहुंचने से पहले फरार हुए भू-माफिया