Fire Incident : भोपाल। भोपाल के आदमपुर स्थित कचरा खंती में शनिवार दोपहर करीब 12:30 बजे भीषण आग लग गई। आग की लपटें 20 से 25 फीट तक उठती रहीं, जबकि धुएं के घने गुबार 10 किलोमीटर दूर से भी दिखाई दिए। मौके पर पहुंची दमकल टीम लगातार आग पर काबू पाने की कोशिश में जुटी रही।
तेज हवा से तेजी से फैली आग
शुरुआती जानकारी के मुताबिक, डंप के मुख्य गेट के पास आरडीएफ (Refuse Derived Fuel) के ढेर से अचानक धुआं निकलना शुरू हुआ, जो देखते ही देखते आग में बदल गया। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैल गई, जिससे हालात और गंभीर हो गए।
कई टन कचरा और मशीनें जलीं
इस आगजनी में कई टन कचरा जलकर राख हो गया, वहीं कुछ मशीनों के भी चपेट में आने की खबर है। आग इतनी भीषण थी कि कर्मचारियों को पहले कचरा हटाने और फिर दमकल की मदद से आग बुझाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
विशेषज्ञ सुभाष सी. पांडे का कहना है कि आदमपुर कचरा खंती में लगातार आग लगने की घटनाएं सामने आ रही हैं, लेकिन नगर निगम इन्हें रोकने में नाकाम रहा है। इससे आसपास के इलाकों की हवा और पानी दोनों प्रदूषित हो रहे हैं। इस मामले को लेकर एनजीटी में भी याचिका दायर की जा चुकी है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इस कचरा खंती में हर साल आग लगने की घटनाएं होती हैं। यहां स्थायी रूप से दमकल तैनात रहने के बावजूद आग पर समय रहते काबू पाना चुनौती बना रहता है।
बार-बार हो रही आगजनी की घटनाओं ने प्रशासन और नगर निगम की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। अब देखना होगा कि इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए क्या कदम उठाए जाते हैं।