Betul News : बैतूल | बैतूल जिले की शाहपुर पुलिस ने हत्या के प्रयास के मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब एक साल से फरार चल रहे मुख्य आरोपी केदार सिंह कुशवाह को भोपाल से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से पुलिस से बचता फिर रहा था, जिसे आखिरकार दबिश देकर पकड़ा गया।
पैसों के विवाद में की थी फायरिंग
यह मामला रेत कारोबार से जुड़े दो पक्षों के बीच पैसों के लेन-देन के विवाद का है। 18 जनवरी 2025 को हुए इस विवाद में फरियादी राजेश विश्वकर्मा पर फायरिंग की गई थी। पुलिस के अनुसार, आरोपी केदार कुशवाह और उसके साथी आशीष कुशवाह ने पहले मारपीट की और फिर जान से मारने की नीयत से गोली चलाई।
Car Fire Incident : भोपाल में आधी रात बदमाश का उत्पात, कार में लगाई आग, CCTV में कैद वारदात
छाती की जगह जांघ में लगी गोली
फायरिंग के दौरान गोली फरियादी के सीने पर लगने के बजाय उसकी बाईं जांघ में जा लगी, जिससे उसकी जान बच गई। घटना के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी थी। इस मामले में शाहपुर थाने में अपराध क्रमांक 33/25 के तहत केस दर्ज किया गया था।
ठिकाने बदलकर पुलिस से बचता रहा आरोपी
वारदात के बाद से आरोपी लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था और पुलिस को चकमा दे रहा था। हाल ही में पुलिस को सूचना मिली कि वह भोपाल की सागर सिल्वर स्प्रिंग कॉलोनी में छिपा हुआ है।
देर रात दबिश देकर किया गिरफ्तार
26-27 अप्रैल की दरमियानी रात पुलिस टीम ने कॉलोनी में दबिश दी और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से वारदात में इस्तेमाल की गई लाइसेंसी पिस्टल भी जब्त कर ली है।
MP Cabinet Meeting : भोपाल में आज मोहन कैबिनेट की बैठक, कई अहम प्रस्तावों पर लगेगी मुहर
दूसरा आरोपी अब भी फरार
इस मामले में फायरिंग करने वाला दूसरा आरोपी आशीष उर्फ गिरिराज अभी भी फरार है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है और जल्द गिरफ्तारी की उम्मीद जताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी को कोर्ट में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।
अभियान के तहत मिली सफलता
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक वीरेंद्र जैन के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक कमला जोशी और एसडीओपी राजेश कुमार तिवारी के मार्गदर्शन में टीम ने इस ऑपरेशन को अंजाम दिया। शाहपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमरे और उनकी टीम की इस कार्रवाई में अहम भूमिका रही।