Cockroach Janta Party : भोपाल। भोपाल में शुक्रवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने पहली प्रेस कॉन्फ्रेंस कर अपनी मौजूदगी दर्ज कराई। इस दौरान पार्टी सदस्यों ने युवाओं, छात्रों, बेरोजगारी और परीक्षा घोटालों जैसे मुद्दों को लेकर अपनी रणनीति साझा की।
मीडिया से बातचीत में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मयंक ने कहा कि यह किसी व्यक्ति या राजनीतिक दल के विरोध में लड़ाई नहीं है, बल्कि उस व्यवस्था के खिलाफ आवाज है जिसने लाखों युवाओं और छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ किया है। उन्होंने कहा कि पेपर लीक, भ्रष्टाचार और बढ़ती बेरोजगारी ने युवाओं को बेहद निराश किया है, जिसके खिलाफ पार्टी जनआंदोलन खड़ा करेगी।
प्रदेशभर में नई टीम बनाने की तैयारी
पार्टी सदस्यों ने बताया कि मध्यप्रदेश में जल्द ही प्रदेश और जिला स्तर पर संगठन की टीम तैयार की जाएगी। इसके लिए नियम तय किए जा रहे हैं। पार्टी का लक्ष्य प्रदेशभर में ज्यादा से ज्यादा युवाओं को टीम से जोड़ना है।
सोशल मीडिया पर मिल रहा सपोर्ट
मयंक ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर पार्टी को तेजी से सपोर्ट मिल रहा है और करीब दो करोड़ लोगों तक इसकी पहुंच बन चुकी है। उन्होंने कहा कि इनमें सबसे ज्यादा लोग मध्यप्रदेश से जुड़े हुए हैं। इसके साथ ही उन्होंने यह भी दावा किया कि आने वाले समय में पार्टी के सदस्यों की संख्या 25 करोड़ के पार पहुंच सकती है।
ऑनलाइन अभियान की भी शुरुआत
नेतृत्व में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ऑनलाइन पेटिशन अभियान भी शुरू किया गया है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में पार्टी नेताओं ने कहा कि युवाओं, छात्रों और आम नागरिकों के अधिकारों को लेकर सड़क से लेकर न्यायालय तक लड़ाई लड़ी जाएगी। इसके साथ ही अभियान के फाउंडर सदस्य अभिजीत दीपके, मेघानंद एस और अर्पित शर्मा के नेतृत्व में यह अभियान चलाया जा रहा है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।