BetulAccident : बैतूल। मध्य प्रदेश के बैतूल जिले में एक बड़ा हादसा टल गया, जब तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर करीब 50 फीट गहरे कुएं में जा गिरी। हादसे के वक्त कार में तीन युवक सवार थे। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन राहत की बात यह रही कि तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
ग्रामीणों की सतर्कता से बची जान
जानकारी के अनुसार, हादसा धामनगांव के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित कुएं में गिर गई। कार गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और तुरंत बचाव कार्य शुरू किया। ग्रामीणों और स्थानीय लोगों की मदद से कार में फंसे तीनों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाला गया।
महाराष्ट्र के अमरावती जा रहे थे युवक
बताया जा रहा है कि कार में सवार तीनों युवक महाराष्ट्र के अमरावती जिले के निवासी हैं। वे आठनेर से अमरावती की ओर जा रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। हादसे में घायल हुए युवकों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। शुरुआती जांच में तेज रफ्तार और वाहन के अनियंत्रित होने को हादसे की वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
MP Weather : मध्य प्रदेश में भीषण गर्मी का कहर, कई जिलों में 44 डिग्री के पार पहुंचा तापमान