MP Weather Update: भोपाल। मध्यप्रदेश में पिछले 7 दिनों से मौसम का मिजाज बदला हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में आंधी, बारिश और बादलों की आवाजाही लगातार बनी हुई है। मौसम विभाग ने गुरुवार को ग्वालियर-चंबल और बुंदेलखंड क्षेत्र के 11 जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, वेस्टर्न डिस्टर्बेंस, चक्रवातीय परिसंचरण और ट्रफ लाइन के संयुक्त असर से प्रदेश में मौसम उथल-पुथल भरा बना हुआ है। अगले 4 दिनों तक कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश और तेज आंधी चलने की संभावना जताई गई है।
इन 11 जिलों में मौसम विभाग का अलर्ट
गुरुवार को जिन जिलों में मौसम का ज्यादा असर रहने की संभावना है उनमें — ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा और मऊगंज शामिल हैं।
इन क्षेत्रों में तेज हवाएं चलने के साथ हल्की बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।
9 और 10 मई को फिर बढ़ेगी गर्मी
मौसम विभाग का अनुमान है कि 9 और 10 मई से प्रदेश में तापमान फिर तेजी से बढ़ सकता है। कई शहरों में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है।
भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत बड़े शहरों में भी गर्मी का असर दोबारा महसूस किया जाएगा। हालांकि 10 मई के बाद एक नया वेदर सिस्टम सक्रिय होने के संकेत मिल रहे हैं, जिससे मौसम में फिर बदलाव आ सकता है।
बारिश के कारण कई शहरों में तापमान 40 डिग्री से नीचे
मई की शुरुआत से हो रही बारिश और बादलों की वजह से प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
उज्जैन में 39 डिग्री, ग्वालियर में 36.4 डिग्री, भोपाल में 38.4 डिग्री, जबलपुर में 37.7 डिग्री और इंदौर में 38.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
प्रदेश के सबसे गर्म 10 जिले
बारिश के दौर के बीच भी कुछ जिलों में गर्मी का असर बना हुआ है। प्रदेश के सबसे गर्म जिलों में नरसिंहपुर सबसे ऊपर रहा, जहां तापमान 42.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा खरगोन में 41.2°C, रतलाम में 41.0°C, खंडवा में 40.1°C, धार में 39.1°C, शाजापुर और रायसेन में 39.0°C तापमान रिकॉर्ड किया गया। वहीं नर्मदापुरम में 38.6°C, श्योपुर और सागर में 38.0°C तापमान दर्ज हुआ।
मौसम विभाग ने लोगों को तेज आंधी और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों से दूर रहने की सलाह दी है। किसानों को भी फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित रखने के निर्देश दिए गए हैं।