MP Board Exam 2026 : रायसेन। माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) की हाईस्कूल (10वीं) और हायर सेकेंडरी (12वीं) की द्वितीय अवसर परीक्षा गुरुवार, 7 मई से शुरू हो गई। रायसेन जिले में इसके लिए 11 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जहां फेल हुए या अंक सुधारने वाले विद्यार्थियों को दूसरा मौका दिया जा रहा है।
पहले दिन कक्षा 10वीं का हिंदी विषय का पेपर आयोजित किया गया। परीक्षा शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हुई।
नकल रोकने के लिए सभी केंद्रों पर लगाए गए जैमर
बोर्ड परीक्षा की तर्ज पर इस बार द्वितीय अवसर परीक्षा में भी सख्त व्यवस्था की गई है। रायसेन जिले के सभी 11 परीक्षा केंद्रों पर जैमर लगाए गए हैं, जिससे केंद्र के 200 मीटर दायरे में मोबाइल नेटवर्क बाधित रहेगा।
इस कदम का उद्देश्य परीक्षा के दौरान नकल और इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों के दुरुपयोग को रोकना है।
डीईओ ने किया परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण
जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) डी.डी. रजक ने रायसेन स्थित शासकीय आदर्श कन्या उमावि परीक्षा केंद्र का निरीक्षण किया।
यहां दर्ज 34 परीक्षार्थियों में से 32 विद्यार्थी उपस्थित रहे। वहीं उत्कृष्ट विद्यालय केंद्र पर सभी 40 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी।
डीईओ ने बताया कि सभी केंद्रों पर माध्यमिक शिक्षा मंडल के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन कराया जा रहा है।
छात्रों के लिए ‘गोल्डन चांस’
द्वितीय अवसर परीक्षा को छात्रों के लिए “गोल्डन चांस” माना जा रहा है। इसके जरिए अनुत्तीर्ण या कम अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी बिना एक साल गंवाए अपने परिणाम में सुधार कर सकेंगे।
उत्तीर्ण छात्र केवल मुख्य विषयों की सुधार परीक्षा दे सकेंगे और उन्हें प्रैक्टिकल परीक्षा में शामिल होने की जरूरत नहीं होगी।
जिले में इतने परीक्षार्थी पंजीकृत
रायसेन जिले के 11 परीक्षा केंद्रों पर कक्षा 10वीं के करीब 3510 और कक्षा 12वीं के 2491 परीक्षार्थी दर्ज किए गए हैं।
शुक्रवार को कक्षा 12वीं का हिंदी विषय का पेपर आयोजित किया जाएगा।
रायसेन जिले के परीक्षा केंद्र
- बरेली – शासकीय बालक उमावि
- बाड़ी – शासकीय कन्या उमावि
- बेगमगंज – शासकीय कन्या उमावि
- सिलवानी – शासकीय कन्या उमावि
- रायसेन – शासकीय आदर्श कन्या उमावि एवं उत्कृष्ट विद्यालय
- उदयपुरा – शासकीय बालक उमावि
- औबेदुल्लागंज – शासकीय कन्या उमावि एवं ब्राइट इंग्लिश मीडियम स्कूल
- मंडीदीप – शासकीय बालक उमावि
- गैरतगंज – शासकीय बालक उमावि