Latest

Gwalior kidnapping case : 24 घंटे बाद भी छात्रा और आरोपी बेसुराग, शादी का दबाव और धमकियों का मामला

Gwalior kidnapping case

Gwalior kidnapping case : ग्वालियर।  ग्वालियर में लॉ कॉलेज के बाहर से 17 वर्षीय छात्रा खुशी जादौन के अपहरण के मामले ने शहर में सनसनी फैला दी है। घटना को 24 घंटे से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन पुलिस अभी तक न तो छात्रा तक पहुंच सकी है और न ही मुख्य आरोपी जीतू तोमर और उसके साथी का कोई सुराग मिला है।

पुलिस की 4 से 5 टीमें लगातार अलग-अलग संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं, लेकिन आरोपी फरार बने हुए हैं।

कॉलेज गेट के बाहर से जबरन उठाई गई छात्रा

घटना बुधवार दोपहर करीब 2:30 बजे कम्पू थाना क्षेत्र के कैंसर पहाड़िया इलाके की है। जानकारी के अनुसार, छात्रा खुशी जादौन अपनी सहेली डोली के साथ कॉलेज गेट के बाहर खड़ी थी, तभी बिना नंबर प्लेट की बलेनो कार वहां पहुंची।

कार में सवार आरोपी जीतू तोमर अपने साथी के साथ वहां आया और अचानक छात्रा को जबरन खींचकर गाड़ी में बैठा लिया।

Bhopal crime news : राजधानी भोपाल में नकली नोटों का बड़ा नेटवर्क पकड़ा गया, पश्चिम बंगाल का युवक गिरफ्तार

विरोध करने पर सहेली को भी धक्का

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जब सहेली डोली ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे धक्का देकर गिरा दिया और मौके से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने छात्रा का मोबाइल भी छीनकर सड़क पर फेंक दिया, ताकि किसी तरह का संपर्क न हो सके।

सीसीटीवी फुटेज से मिली लोकेशन

पुलिस जांच में एक फैक्ट्री के बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे में बलेनो कार सिकरौदा हाईवे की ओर जाती दिखी। इसके बाद उसकी लोकेशन दतिया टोल प्लाजा के पास भी मिली।

पुलिस ने दतिया और झांसी क्षेत्र में सर्चिंग अभियान चलाया, लेकिन अभी तक कोई ठोस सफलता नहीं मिली है।

आरोपी और छात्रा के बीच पुरानी पहचान

जांच में सामने आया है कि आरोपी जीतू तोमर और छात्रा खुशी जादौन रिश्तेदार हैं। करीब दो साल पहले छात्रा के पिता के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान आरोपी का घर आना-जाना था, वहीं से दोनों की पहचान हुई थी।

शादी का दबाव और धमकियों का आरोप

पुलिस के अनुसार आरोपी लंबे समय से छात्रा पर शादी का दबाव बना रहा था। इनकार करने पर वह फोटो वायरल करने और परिवार को नुकसान पहुंचाने की धमकी देने लगा था।

Defamation Notice : महिला कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष रीना बोरासी को 10 करोड़ का मानहानि नोटिस

इसी मामले में 21 अप्रैल को छात्रा की शिकायत पर उसके खिलाफ छेड़छाड़ का केस दर्ज हुआ था और उसे जेल भेजा गया था। हालांकि तीन दिन पहले ही वह जमानत पर बाहर आया था।

मां के मोबाइल पर भेजे गए मैसेज

अपहरण के बाद छात्रा की मां के व्हाट्सएप पर तीन मैसेज भेजे गए, जिनमें लिखा था कि छात्रा सुरक्षित है और दो-तीन दिन में वापस आ जाएगी। पुलिस इन मैसेज की जांच कर रही है कि इन्हें किसने भेजा है।

पुलिस की टीमें लगातार तलाश में जुटीं

छात्रा मूल रूप से किन्नौर की रहने वाली है और ग्वालियर के गुढ़ी गुढ़ा का नाका क्षेत्र में किराए पर रहकर पढ़ाई कर रही थी। पुलिस शहर से लेकर सीमावर्ती इलाकों तक के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है।

कम्पू थाना पुलिस और विशेष टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। सीएसपी रॉबिन जैन के अनुसार पुलिस टीमें लगातार सक्रिय हैं और जल्द ही छात्रा को सुरक्षित बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *