Rajgarh News : राजगढ़। मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में शनिवार रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां दो बाइक सवारों की आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में एक चौकीदार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा बाइक सवार अपनी गाड़ी मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घायल की पहचान मांगीलाल वर्मा (पिता अनार सिंह) के रूप में हुई है, जो फुलखेड़ी गांव के निवासी हैं और रघुनाथपुरा गांव में चौकीदारी का कार्य करते हैं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
आमने-सामने की जोरदार टक्कर
जानकारी के अनुसार, मांगीलाल शनिवार रात अपने गांव फुलखेड़ी लौट रहे थे। इसी दौरान रघुनाथपुरा जोड़ के पास सामने से तेज रफ्तार में आ रहे एक अन्य बाइक सवार से उनकी सीधी भिड़ंत हो गई। हादसे के बाद आरोपी बाइक सवार अपनी मोटरसाइकिल और बैग मौके पर छोड़कर फरार हो गया।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों ने घायल को तत्काल खिलचीपुर अस्पताल पहुंचाया। ड्यूटी पर मौजूद डॉक्टर सुमित सिंगी के अनुसार, मांगीलाल के सिर की हड्डी में फ्रैक्चर पाया गया है। अत्यधिक रक्तस्राव के कारण प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया।
घायल के परिजनों ने आरोप लगाया है कि अस्पताल में उन्हें सरकारी एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराई गई। मजबूरी में उन्हें निजी एम्बुलेंस की व्यवस्था कर मरीज को दूसरे अस्पताल ले जाना पड़ा घटना की सूचना मिलते ही खिलचीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने मौके से आरोपी की बाइक और बैग जब्त कर लिया है। फरार चालक की तलाश जारी है।
MP Crime News : पन्ना में गैंगरेप का आरोप… सरपंच पति समेत 3 पर केस, FIR न होने का दावा