Harda Woman Snakebite : मध्य प्रदेश। हरदा जिले के टिमरनी थाना क्षेत्र के भादूगांव गांव में सर्पदंश से एक 28 वर्षीय मां की दर्दनाक मौत हो गई। मृतका अनिता पति दिनेश इवने सोमवार दोपहर गांव के दिनेश विश्वकर्मा के खेत में मक्का के भुट्टे तोड़ रही थी। तभी खेत में बैठे जहरीले सांप ने उसके बाएं हाथ में डंक मार दिया।
परिजनों ने तुरंत उसे टिमरनी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। रास्ते में ही अनिता ने दम तोड़ दिया। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। अनिता के चार छोटी बेटियां और एक बेटा अब अनाथ हो गए हैं। गांव में कोहराम मचा हुआ है।घटना सोमवार दोपहर करीब 3 बजे की है। भादूगांव की अनिता इवने (28) घर की आर्थिक स्थिति सुधारने के लिए मजदूरी करती थी।
उस दिन वह दिनेश विश्वकर्मा के खेत में मक्का तोड़ने गई थी। परिजनों के अनुसार, अनिता खेत में बैठकर भुट्टे अलग कर रही थी, तभी झाड़ियों में छिपे जहरीले सांप (संभवतः करैत या वाइपर) ने उसके बाएं हाथ पर डस लिया। अनिता चीखी और बेहोश हो गई। साथ काम कर रही अन्य महिलाओं ने शोर मचाया।
MP News : आयुर्वेद में रिसर्च को मजबूत बनाने की मांग, वन कॉलेज-वन रिसर्च पर जोर
परिजन दौड़े और उसे ऑटो से टिमरनी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया और गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल चौकी प्रभारी एएसआई श्रवण सिंह राजपूत ने बताया कि अनिता को रात में जिला अस्पताल लाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। रास्ते में ही उसकी मौत हो चुकी थी।
अस्पताल में डॉक्टरों ने बताया कि सांप का जहर तेजी से फैल गया था। हाथ पर दो गहरे डसने के निशान मिले। एंटी वेनम इंजेक्शन देने की कोशिश की गई, लेकिन देर हो चुकी थी। मंगलवार सुबह शव का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल में कराया गया। डॉक्टरों ने सर्पदंश को मौत का कारण बताया।
Sehore News : 30 करोड़ रुपए की सड़क 1 साल में ही उखड़ गई! 10 साल गारंटी वाला FDR घोटाला एक्सपोज़
इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अनिता का मायका ग्राम सन्यासा है। पिता शैतान सिंह ने बताया कि अनिता सबसे बड़ी बेटी थी। उसकी शादी 14 साल की उम्र में हो गई थी। चार बेटियां (12, 10, 7 और 4 साल) और एक 9 साल का बेटा है। पति दिनेश इवने मजदूरी करते हैं। अब पूरा परिवार बेसहारा हो गया है।