ट्रंप ने AI को दिया नया नाम! अब सरकारी भाषा में होगा ‘Super Intelligence’
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने सरकारी कामकाज में AI की जगह Super Intelligence यानी SI शब्द के इस्तेमाल पर जोर दिया है। यह बदलाव सरकारी वेबसाइट, रिपोर्ट और आधिकारिक संचार में दिख सकता है।
Donald Trump calls AI Super Intelligence: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप प्रशासन ने आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI को लेकर सरकारी कामकाज में इस्तेमाल होने वाली भाषा में बदलाव किया है। संघीय सरकार के आधिकारिक संचार में अब Artificial Intelligence (AI) की जगह Super Intelligence (SI) शब्दावली को बढ़ावा दिया जा रहा है। इसका इस्तेमाल सरकारी वेबसाइट, रिपोर्ट, सार्वजनिक संदेश और अन्य आधिकारिक दस्तावेजों में किया जा सकता है।
सरकारी दस्तावेजों में दिखेगा ‘SI’
बता दें, नए निर्देश के तहत अमेरिकी संघीय एजेंसियों को कानूनी दायरे में अपने आधिकारिक संचार में Super Intelligence और इसके शॉर्ट फॉर्म SI का इस्तेमाल करने को कहा गया है। इसका असर सरकारी रिपोर्ट, वेबसाइट, सार्वजनिक घोषणाओं और नीति से जुड़े दस्तावेजों पर पड़ सकता है। हालांकि, जिन कानूनों में पहले से Artificial Intelligence शब्द दर्ज है, उन्हें सिर्फ प्रशासनिक निर्देश के आधार पर नहीं बदला जा सकता। ऐसे मामलों में जरूरी कानूनी प्रक्रिया अपनानी होगी।
AI और Super Intelligence में क्या अंतर है?
AI एक व्यापक तकनीकी क्षेत्र है, जिसमें मशीनों को ऐसे काम करने के लिए विकसित किया जाता है, जिनमें आमतौर पर इंसानी समझ और निर्णय क्षमता की जरूरत होती है। इसमें जनरेटिव AI, मशीन लर्निंग और दूसरे आधुनिक सिस्टम शामिल हैं।
दूसरी ओर, Super Intelligence शब्द ऐसी संभावित AI प्रणाली के लिए इस्तेमाल किया जाता है, जिसकी क्षमता कई क्षेत्रों में मानव बुद्धिमत्ता से आगे निकल सकती है। इसलिए SI को AI का सीधा दूसरा नाम मानना तकनीकी तौर पर सही नहीं है।
ट्रंप प्रशासन ने क्यों किया बदलाव?
ट्रंप प्रशासन का कहना है कि AI की तकनीक तेजी से आगे बढ़ रही है। आज के AI सिस्टम केवल साधारण निर्देशों पर काम करने तक सीमित नहीं हैं, बल्कि कंटेंट तैयार करने, डेटा समझने, भाषा के साथ काम करने और जटिल समस्याओं पर प्रतिक्रिया देने जैसे कई काम कर रहे हैं। इसी बढ़ती क्षमता को ध्यान में रखते हुए प्रशासन ने Super Intelligence शब्दावली पर जोर दिया है। इसका मकसद तकनीक के संभावित अगले चरण को अलग तरीके से परिभाषित करना बताया गया है।
क्या दुनिया में AI को SI कहा जाएगा?
यह बदलाव मुख्य रूप से अमेरिकी संघीय सरकार के आधिकारिक इस्तेमाल से जुड़ा है। दुनिया भर में टेक कंपनियां, वैज्ञानिक और रिसर्च संस्थान अभी भी Artificial Intelligence यानी AI शब्द का व्यापक इस्तेमाल करते हैं। इसलिए ट्रंप प्रशासन की यह पहल AI का वैश्विक नाम बदलने वाला फैसला नहीं है। फिलहाल इसका असर अमेरिकी सरकारी भाषा और आधिकारिक दस्तावेजों तक सीमित है।

