RTO अफसरों पर नितिन गडकरी का मजेदार तंज, बोले- ‘गांधी के नोट दिखते ही लग जाते हैं ठप्पे’
मध्य प्रदेश में ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा’ की शुरुआत के दौरान नितिन गडकरी ने RTO अधिकारियों के कामकाज पर चुटीला तंज कसा। उन्होंने बस फिटनेस जांच में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। गडकरी की बात सुनकर CM मोहन यादव भी मंच पर हंस पड़े।
Bhopal News: मध्य प्रदेश में लंबे अंतराल के बाद सरकारी बस सेवा की वापसी हुई है। मुख्यमंत्री मोहन यादव और केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने ‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा’ का शुभारंभ करते हुए बसों को हरी झंडी दिखाई। कार्यक्रम के दौरान गडकरी ने RTO व्यवस्था और बसों की फिटनेस जांच को लेकर ऐसा मजेदार तंज कसा कि मंच पर मौजूद मुख्यमंत्री मोहन यादव भी हंस पड़े।
RTO अधिकारियों को गडकरी की सीधी चेतावनी
बसों को फिटनेस प्रमाणपत्र देने की प्रक्रिया पर बात करते हुए नितिन गडकरी ने कहा कि नई सुरक्षा व्यवस्था के तहत हर बस के लिए अलग चेकलिस्ट तैयार होगी। इसे वाहन पोर्टल पर अपलोड किया जाएगा और फिजिकल के साथ वीडियो इंस्पेक्शन भी जरूरी होगा। इसी दौरान उन्होंने RTO अधिकारियों पर चुटकी लेते हुए कहा कि कुछ अधिकारी ‘गांधीवादी’ हैं और गांधी के नोट सामने आते ही तेजी से ठप्पा लगा देते हैं। गडकरी ने साफ कहा कि यदि किसी गलत या असुरक्षित बस को मंजूरी दी गई तो संबंधित अधिकारी को अपनी नौकरी गंवानी पड़ सकती है।
RTO दफ्तरों के चक्कर लगाने से मिलेगी राहत
साथ ही, केंद्रीय मंत्री ने डिजिटल सेवाओं का जिक्र करते हुए लोगों से कहा कि परिवहन विभाग की कई सेवाएं ऑनलाइन उपलब्ध कराई जा चुकी हैं। ऐसे में आम लोगों को छोटे-छोटे कामों के लिए RTO कार्यालय जाने की जरूरत नहीं होनी चाहिए। गडकरी ने कहा कि सरकार का प्रयास तकनीक के जरिए परिवहन सेवाओं को ज्यादा आसान, पारदर्शी और सुविधाजनक बनाना है।
MP में बस सेवा के विस्तार की योजना
‘मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा’ को लेकर गडकरी ने कहा कि इससे गांवों, मजदूरों, किसानों और अन्य वर्गों के लोगों को बेहतर सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिल सकती है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत मध्य प्रदेश के लिए 972 बसें स्वीकृत की गई हैं। योजना के सफल होने पर प्रदेश में बसों का बड़ा नेटवर्क विकसित करने की दिशा में आगे काम किया जाएगा।
