RKMP पर यूरिन के ₹5, टॉयलेट के लिए ₹10; देश के पहले प्राइवेट स्टेशन पर मूलभूत सुविधाओं के लिए जेब ढीली!
रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पर पे एंड यूज सुविधा के तहत यूरिनल के ₹5, टॉयलेट के ₹10 और स्नान के ₹15 लिए जा रहे हैं। NRUCC सदस्य ने यूरिनल शुल्क हटाने और सफाई सुधारने की मांग की है। रेलवे ने शुल्क को निर्धारित व्यवस्था के तहत बताया है।
Bhopal News: भोपाल के रानी कमलापति रेलवे स्टेशन (RKMP) पर पे एंड यूज शौचालयों को लेकर यात्रियों की जेबे खाली हो रही है। यहां यूरिनल इस्तेमाल करने के लिए ₹5, टॉयलेट के लिए ₹10 और स्नान की सुविधा के लिए ₹15 शुल्क लिया जा रहा है। आमतौर पर रेलवे स्टेशनों पर यूरिनल की सुविधा नि:शुल्क रहती है। भोपाल के मुख्य रेलवे स्टेशन पर भी पे एंड यूज टॉयलेट हैं, लेकिन वहां यूरिनल के लिए यात्रियों से शुल्क नहीं लिया जाता।
रोजाना 2,500 से ज्यादा यात्री करते हैं इस्तेमाल
जानकारी के मुताबिक, स्टेशन परिसर में ऐसे 5 पे एंड यूज टॉयलेट संचालित हैं। इनका रोजाना 2,500 से अधिक यात्री उपयोग करते हैं। शुल्क व्यवस्था को लेकर राष्ट्रीय रेल उपयोगकर्ता सलाहकार परिषद (NRUCC) के सदस्य नितेश लाल ने भोपाल मंडल के DRM को पत्र भेजा है।
नितेश लाल ने पत्र में कहा कि यात्री पहले ही रेल यात्रा का किराया चुका रहे हैं। ऐसे में यूरिनल जैसी जरूरी सुविधा के लिए अतिरिक्त राशि लेना यात्रियों पर अतिरिक्त खर्च डालता है। उन्होंने यूरिनल को तत्काल नि:शुल्क करने और पे एंड यूज शौचालयों की सफाई व्यवस्था बेहतर कराने की मांग की है।
सफाई व्यवस्था पर भी उठाए सवाल
साथ ही पत्र में यह भी कहा गया है कि शुल्क लेने के बावजूद कुछ मौकों पर शौचालयों में गंदगी और दुर्गंध की शिकायत सामने आती है। ऐसे में संचालन एजेंसी को नियमित सफाई और बेहतर रखरखाव सुनिश्चित करने के निर्देश देने की मांग की गई है।
रेलवे का पक्ष- प्लेटफॉर्म पर यूरिनल मुफ्त
बता दें, रेलवे की ओर से बताया गया कि प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध यूरिनल का इस्तेमाल नि:शुल्क है। वहीं पे एंड यूज सुविधा के लिए निर्धारित शुल्क रेलवे के नियमों के अनुसार लिया जा रहा है।
RKMP का टेंडर RLDA ने किया
रेलवे अधिकारी के अनुसार RKMP का टेंडर भोपाल रेल मंडल ने नहीं, बल्कि रेल लैंड डेवलपमेंट अथॉरिटी (RLDA) ने किया है। स्टेशन के विकास और उससे जुड़ी व्यावसायिक गतिविधियों के लिए RLDA की टेंडर शर्तें लागू होती हैं।
डेवलपर को मिलीं व्यावसायिक गतिविधियों की जिम्मेदारियां
अधिकारी के मुताबिक, RLDA द्वारा चयनित डेवलपर स्टेशन के विकास में निवेश करता है। इसके बदले निर्धारित अवधि तक उसे कुछ व्यावसायिक गतिविधियां संचालित करने का अधिकार मिलता है। RKMP में कैटरिंग, विज्ञापन, पार्किंग और पे एंड यूज जैसी गतिविधियां इसी व्यवस्था का हिस्सा हैं।
पे एंड यूज शुल्क RLDA की व्यवस्था के तहत
रेलवे के अनुसार, RKMP में पे एंड यूज सुविधा और उसकी शुल्क दरें RLDA की स्वीकृत व्यवस्था के तहत संचालित हैं। भोपाल रेल मंडल की प्रमुख जिम्मेदारियों में ट्रेन संचालन और टिकटिंग जैसी सेवाएं शामिल हैं, जबकि स्टेशन की कई व्यावसायिक गतिविधियां RLDA के दायरे में आती हैं।

