KG की बच्ची को क्लासरूम में अकेला पाकर छात्र ने किया हमला, ईंट से 12 बार बच्ची के सिर पर किया वार
पंचकूला के एक निजी स्कूल में KG की छह साल की बच्ची के साथ तीसरी कक्षा के छात्र द्वारा मारपीट का मामला सामने आया है। घटना CCTV में रिकॉर्ड हुई। पुलिस जांच कर रही है, जबकि हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने मामले की पड़ताल के लिए कमेटी बनाई है।

School Incident in Panchkula: हरियाणा के पंचकूला स्थित एक निजी स्कूल में KG में पढ़ने वाली छह साल की बच्ची के साथ गंभीर मारपीट का मामला सामने आया है। तीसरी कक्षा में पढ़ने वाले आठ साल के छात्र ने बच्ची पर हमला किया। यह पूरी घटना क्लासरूम में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हुई। यह घटना करीब 96 सेकेंड तक चली। मामले की जानकारी सामने आने के बाद पुलिस ने स्कूल पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने घटना पर संज्ञान लेते हुए मुख्यालय स्तर पर जांच कमेटी बनाने के निर्देश दिए हैं।
बच्ची को लेने पहुंचे ऑटो ड्राइवर को नहीं मिली छात्रा
परिवार ने बताया कि स्कूल की छुट्टी के बाद बच्ची घर नहीं पहुंची। उसे लेने आए ऑटो ड्राइवर को जब वह नहीं मिली तो परिजनों को सूचना दी गई। इसके बाद बच्ची के पिता और अन्य परिजन स्कूल पहुंचे।
बच्ची के चाचा ने बताया कि आरोपी छात्र ने ही परिवार को उस जगह के बारे में बताया, जहां बच्ची पड़ी हुई थी। परिजन उसे तुरंत अस्पताल लेकर गए। शुरुआती इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए चंडीगढ़ PGI रेफर कर दिया।
घटना से सदमे में पहुंचा परिवार
साथ ही, परिजनों का कहना है कि बच्ची की हालत देखकर उसके पिता की भी तबीयत बिगड़ गई थी। बच्ची की स्थिति में अब कुछ सुधार हुआ है, लेकिन परिवार इस घटना से सदमे में है। उन्होंने स्कूल में स्टाफ की कमी का आरोप भी लगाया है। उनका दावा है कि दो से तीन कक्षाओं के बच्चों को एक ही कमरे में बैठाया जाता था और घटना के समय पर्याप्त शिक्षक मौजूद नहीं थे।
CCTV फुटेज में रिकार्ड हुई पूरी घटना
बता दें, स्कूल के CCTV फुटेज में दोनों बच्चों के बीच हुई घटना रिकॉर्ड हो गई। वीडियो में KG की छात्रा पर तीसरी कक्षा के छात्र ने बेरहमी से हमला करते हुए दिखाई दे रहा है। छात्र ने बच्ची का सिर पहले बेंच पर मारा, फिर उसे 19 बार पैर से उसके चेहरे पर लात–घूसों से पीटा। उसके बाल पकड़कर भी घसीटा। बाद में ईंट से 12 बार बच्ची के सिर पर हमला किया।
पुलिस ने स्कूल प्रबंधन और छात्र के परिवार से की पूछताछ
सूचना मिलने पर सेक्टर-20 थाना पुलिस स्कूल पहुंची। थाना प्रभारी यशदीप और जांच अधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि पुलिस स्कूल प्रबंधन से घटना के बारे में जानकारी जुटा रही है। संबंधित छात्र के माता-पिता से भी पूछताछ की जा रही है। जांच में यह समझने की कोशिश की जा रही है कि घटना किन परिस्थितियों में हुई और स्कूल में बच्चों की निगरानी की क्या व्यवस्था थी। पुलिस परिवार और स्कूल से जुड़े लोगों के बयान भी दर्ज कर रही है।
शिक्षा मंत्री ने बनाई जांच कमेटी
वहीं, हरियाणा के शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा ने बताया कि उन्होंने CCTV फुटेज देखा है। उनके मुताबिक, मामले की जांच के लिए मुख्यालय स्तर पर कमेटी गठित की गई है। उन्होंने कहा कि जांच रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्कूल प्रबंधन या स्टाफ की लापरवाही सामने आने पर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाए जाएंगे।