MP के कर्मचारियों के लिए बड़ी खुशखबरी, 2% बढ़ेगा महंगाई भत्ता, जानिए कब से मिलेगा लाभ?
मध्यप्रदेश सरकार कर्मचारियों और अधिकारियों का महंगाई भत्ता 2% बढ़ाने जा रही है। बढ़ा हुआ DA जनवरी से लागू होगा। जनवरी से सितंबर तक का 9 महीने का एरियर तीन किस्तों में मिलेगा। पेंशनर्स की DR भी जुलाई 2026 से 2% बढ़ेगी।

DA Hike for MP Employees: मध्यप्रदेश के सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों के लिए महंगाई भत्ते में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने इसकी जानकारी सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए दी है। बढ़े हुए भत्ते का लाभ जनवरी से लागू होगा। जनवरी से सितंबर तक के नौ महीने के एरियर का भुगतान तीन बराबर मासिक किस्तों में किया जाएगा।
CM मोहन यादव ने दी जानकारी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने ट्विटर पर पोस्ट करते हुए बताया कि राज्य सरकार कर्मचारियों, अधिकारियों और पेंशनर्स के हितों को लेकर उनके साथ खड़ी है। सरकार के इस फैसले से कर्मचारियों और पेंशनर्स की मासिक आय में बढ़ोतरी होगी।
अक्टूबर की सैलरी के साथ मिलेगा बढ़ा हुआ DA
सरकार के मुताबिक, बढ़े हुए महंगाई भत्ते का नकद भुगतान अक्टूबर महीने की सैलरी के साथ किया जाएगा। यह वेतन नवंबर में कर्मचारियों को मिलेगा। इसके अलावा जनवरी से सितंबर तक की बकाया राशि यानी एरियर तीन समान मासिक किस्तों में दी जाएगी। इस फैसले से उन सरकारी कर्मचारियों और अधिकारियों को राहत मिलेगी, जिन्हें महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी का इंतजार था।
पेंशनर्स की महंगाई राहत में भी 2% इजाफा
वहीं, सरकार ने पेंशनर्स के लिए भी महंगाई राहत (DR) में 2 प्रतिशत की बढ़ोतरी का ऐलान किया है। यह बढ़ोतरी जुलाई 2026 से लागू होगी। इससे प्रदेश के पेंशनर्स को भी बढ़ी हुई महंगाई राहत का लाभ मिलेगा।