MP Census 2027 : भोपाल। मध्यप्रदेश में जनगणना 2027 का पहला चरण गुरुवार से शुरू हो गया है। इस चरण के तहत अगले 45 दिनों तक प्रदेशभर में मकानों और उनमें रहने वाले परिवारों की गणना की जाएगी।
इस बार सरकार ने प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए नागरिकों को स्व-गणना (Self Enumeration) का विकल्प भी दिया है, जिससे लोग खुद अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकते हैं।
ऑनलाइन फॉर्म भरने की सुविधा
जनगणना के पहले 15 दिन यानी 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक आम नागरिक ऑनलाइन फॉर्म भर सकते हैं। इसके लिए सेल्फ एनुमरेशन पोर्टल https://se.census.gov.in सुबह 6 बजे से सक्रिय हो गया है, जो रोजाना रात 12 बजे तक खुला रहेगा।
नागरिक इस पोर्टल पर लगभग 15–20 मिनट में अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं।
Bhopal Crime Today: भोपाल में सनसनीखेज वारदात, किराना कारोबारी की गोली मारकर हत्या
33 सवालों के देने होंगे जवाब
ऑनलाइन फॉर्म भरते समय नागरिकों को कुल 33 प्रश्नों के उत्तर देने होंगे। इनमें शामिल हैं:
- मकान की स्थिति (दीवार, छत, फर्श)
- पानी, बिजली, शौचालय जैसी सुविधाएं
- गैस, टीवी, मोबाइल, वाहन और अनाज से जुड़ी जानकारी
फॉर्म भरने के बाद एक प्रिव्यू फाइल तैयार होगी। जानकारी जांचने के बाद सबमिट करने पर 11 अंकों की SE ID (H से शुरू) मिलेगी, जो SMS और ईमेल पर भी भेजी जाएगी।
स्व-गणना का फायदा
यदि आपने पहले ही ऑनलाइन फॉर्म भर दिया है, तो जनगणनाकर्मी के आने पर केवल SE ID दिखाकर सत्यापन कराना होगा। इससे दोबारा पूरी जानकारी देने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
हालांकि, यदि कोई गलती रह जाती है, तो उसे केवल प्रगणक के माध्यम से ही सुधारा जा सकेगा।
रजिस्ट्रेशन के लिए जरूरी जानकारी
ऑनलाइन फॉर्म भरने के लिए
- परिवार के मुखिया का नाम
- मोबाइल नंबर
जरूरी होगा। ध्यान रहे, एक मोबाइल नंबर से केवल एक ही परिवार का रजिस्ट्रेशन किया जा सकेगा और रजिस्ट्रेशन के बाद नाम व भाषा में बदलाव संभव नहीं होगा।
सही लोकेशन के लिए नागरिकों को डिजिटल मैप पर अपने घर को मार्क करना होगा।
1 मई से घर-घर सर्वे
1 मई से 30 मई तक जनगणनाकर्मी डोर-टू-डोर सर्वे करेंगे। इस दौरान
- ऑनलाइन भरी गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा
- जिन लोगों ने स्व-गणना नहीं की है, उनसे सीधे जानकारी ली जाएगी
प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे समय पर और सही जानकारी दर्ज करें, ताकि जनगणना का कार्य सुचारू रूप से पूरा हो सके।
live-in partner crime : भोपाल में लिव-इन पार्टनर ने 6 साल की बच्ची का किया अपहरण,आरोपी गिरफ्तार