हाइलाइट्स
-
सीहोर के गुड़भेला गांव में खेत में अचानक लगी आग
-
करीब डेढ़ एकड़ गेहूं की फसल जलकर नष्ट
-
ग्रामीणों ने ट्रैक्टर और पानी से आग बुझाई
-
जिले में एक हफ्ते में कई खेतों में आग की घटनाएं
Sehore News : सीहोर। जिले के ग्राम गुड़भेला में गुरुवार को वेयरहाउस के पीछे स्थित एक खेत में अचानक आग लग गई। आग तेजी से फैलने के कारण करीब डेढ़ एकड़ गेहूं की खड़ी फसल जलकर राख हो गई। घटना के बाद ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और अपने स्तर पर आग बुझाने की कोशिश शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने मिलकर बुझाई आग
ग्रामीणों ने आग पर काबू पाने के लिए पानी का छिड़काव किया और ट्रैक्टर की मदद से खेत की जुताई कर आग को फैलने से रोका। काफी मशक्कत के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका। हालांकि तब तक खेत में खड़ी गेहूं की फसल को भारी नुकसान हो चुका था।
जिले में बढ़ रही खेतों में आग की घटनाएं
बताया जा रहा है कि जिले में गर्मी बढ़ने के साथ ही खेतों में आग लगने की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। पिछले एक सप्ताह में आठ से अधिक खेतों में आग लगने के मामले सामने आ चुके हैं।
कई गांवों में हो चुकी हैं घटनाएं
हाल के दिनों में निपानिया खुर्द, मोहाली, बडबेली, नोनी खेड़ी, डाबोटी, चार मंडली और इछावर के आसपास भी खेतों में आग लगने की घटनाएं हुई हैं। झागरिया रोड पर भी एक खेत में आग लगी थी, जिसे फायर ब्रिगेड ने समय रहते बुझा दिया था।
आग लगने की वजह स्पष्ट नहीं
गुड़भेला और झागरिया रोड पर लगी आग के कारणों का फिलहाल खुलासा नहीं हो सका है। आग लगने से किसानों की गेहूं की फसल को काफी नुकसान हुआ है। प्रशासन और ग्रामीणों को आशंका है कि गर्मी और सूखी फसल के कारण ऐसी घटनाएं बढ़ रही हैं।