Bhopal Metro : भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में मेट्रो रेल का इंतजार अब खत्म होने वाला है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने खजुराहो कन्वेंशन सेंटर से ऐलान किया है कि 21 दिसंबर को भोपाल मेट्रो का कमर्शियल रन शुरू होगा। इस खास मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वर्चुअली जुड़कर हरी झंडी दिखाएंगे।
केंद्रीय शहरी विकास मंत्री मनोहर लाल खट्टर फूलों से सजी तीन कोच वाली मेट्रो ट्रेन से भोपाल का भ्रमण करेंगे। शुरुआती सप्ताह में यात्री मेट्रो में मुफ्त सफर कर सकेंगे। हालांकि, तारीख में बदलाव की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। कुछ सूत्रों के अनुसार 20 दिसंबर को ही लॉन्च हो सकता है।
Sehore Fire Incident : बमूलिया गांव में आग का तांडव, आशा कार्यकर्ता का घर जला, हजारों का सामान खाक
कमर्शियल रन से पहले बीजेपी संगठन, सरकार और अधिकारियों के बीच लंबे समय से मंथन चल रहा है। मुख्यमंत्री ने कहा कि 21 दिसंबर को मेट्रो के साथ कई अन्य विकास परियोजनाओं की सौगात भी मिलेंगी। 25 दिसंबर को अटल बिहारी वाजपेयी जन्म शताब्दी पर दो लाख करोड़ के औद्योगिक निवेश की आधारशिला रखी जाएगी।
CMRS ने दिया ग्रीन सिग्नल, अब सिर्फ औपचारिकता बाकी
कमिश्नर मेट्रो रेल सेफ्टी (CMRS) की टीम ने नवंबर में भोपाल मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर को पूरी तरह सुरक्षित पाया। टीम 12 नवंबर को पहुंची और 13-15 नवंबर तक डिपो, ट्रैक, ट्रेन के नट-बोल्ट तक की जांच की। कमिश्नर नीलाभ्र सेनगुप्ता के नेतृत्व में निरीक्षण के बाद ग्रीन सिग्नल मिल गया। अब सिर्फ हरी झंडी का इंतजार है।
भोपाल मेट्रो अधिकारियों का कहना है कि ऑरेंज लाइन के कमर्शियल रन के लिए जरूरी सभी काम पूरे हो चुके हैं। स्टेशनों पर कुछ सौंदर्यीकरण बाकी है, लेकिन इससे संचालन पर कोई असर नहीं पड़ेगा। सुभाष नगर, रानी कमलापति, एमपी नगर, केंद्रीय स्कूल, डीआरएम तिराहा, अलकापुरी और एम्स जैसे स्टेशनों पर सड़क निर्माण और अन्य काम तेजी से चल रहे हैं।
इंदौर मॉडल पर चलेगी मेट्रो
किराया लगभग तय हो चुका है। एमपी नगर स्टेशन पर सूची चस्पा कर दी गई है। शुरुआती 7 दिन पूरी तरह फ्री सफर। उसके बाद 3 महीने तक टिकट पर 75%, 50% और 25% की छूट मिलेगी।
छूट खत्म होने पर न्यूनतम किराया 20 रुपये और अधिकतम 80 रुपये होगा। यह इंदौर मेट्रो जैसा ही मॉडल है। टिकट सिस्टम मैनुअल रहेगा, जैसे ट्रेन में होता है। ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम के लिए टेंडर प्रक्रिया चल रही है, जो 2-3 महीने लेगी।
क्या होगा खास?
मेट्रो की स्पीड न्यूनतम 30 किमी/घंटा और अधिकतम 80 किमी/घंटा रहेगी। ट्रायल में 100-120 किमी/घंटा तक टेस्ट हो चुका है। प्रायोरिटी कॉरिडोर सुभाष नगर से एम्स तक 6.22 किमी लंबा है, जिसमें 8 स्टेशन हैं।
पार्किंग की व्यवस्था नहीं होगी, सिर्फ पिक एंड ड्रॉप पॉइंट। स्टेशन के नीचे आउटलेट बनेंगे। अधिकारियों ने कहा कि 500 मीटर में पब्लिक ट्रांसपोर्ट उपलब्ध होगा।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं। सभी स्टेशनों पर प्राइवेट गार्ड तैनात। प्रोजेक्ट 2018 में शुरू हुआ था। दो साल पहले 3 अक्टूबर 2023 को पहला ट्रायल रन तत्कालीन सीएम शिवराज सिंह चौहान ने किया था।
लॉन्च के बाद फोकस सुभाष नगर से करोंद तक और ब्लू लाइन पर शिफ्ट होगा। भोपालवासी अब मेट्रो का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं। यह शहर की ट्रैफिक समस्या को कम करने में बड़ी भूमिका निभाएगी।