MP News : हरदा। साइबर ठगों ने एक बार फिर अधिकारियों के नाम का दुरुपयोग शुरू कर दिया है। हरदा जिले के कलेक्टर सिद्धार्थ जैन के नाम और फोटो का इस्तेमाल करके फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाई गई है। यह प्रोफाइल वियतनाम के कंट्री कोड (+84) वाले नंबर से चल रही है। ठग इसी आईडी से लोगों को मैसेज करके पैसे मांग रहे हैं।
कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने खुद अपने आधिकारिक व्हाट्सएप स्टेटस पर लोगों को चेतावनी दी है। उन्होंने लिखा है – “मेरे नाम और फोटो से बनी फर्जी आईडी से कोई मैसेज आए तो उस पर भरोसा न करें। पैसे मांगने वाले सभी मैसेज फर्जी हैं। ऐसे नंबर को तुरंत ब्लॉक करें और पुलिस को सूचना दें।”
हरदा पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया है। साइबर सेल ने जांच शुरू कर दी है। अभी तक इस फर्जी नंबर से किसी के साथ ठगी होने की शिकायत नहीं आई है, लेकिन पुलिस इसे संभावित खतरे के रूप में देख रही है।
एसपी संतोष सिंह गौर ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अधिकारी या बड़े व्यक्ति के नाम से आए पैसे मांगने वाले मैसेज पर भरोसा न करें। संदिग्ध नंबर को तुरंत ब्लॉक करें और साइबर हेल्पलाइन 1930 या नजदीकी थाने में शिकायत करें।
Rajgarh News : खिलचीपुर में 71 साल के बुजुर्ग ने लुटेरों को दी मात, बाइक छोड़कर भागे बदमाश
पुलिस का कहना है कि ठग आम तौर पर “उपहार भेजा है”, “ईनाम मिला है”, “मदद चाहिए” या “कोई जरूरी काम है” जैसे बहाने बनाकर पैसे मांगते हैं। जैसे ही कोई व्यक्ति पैसे ट्रांसफर करता है, ठग गायब हो जाते हैं।
यह कोई पहला मामला नहीं है। साल 2020 में भी हरदा में तत्कालीन कलेक्टर अनुराग वर्मा के नाम और फोटो से फर्जी व्हाट्सएप प्रोफाइल बनाकर ठगी की गई थी। उस समय हंडिया की तहसीलदार अर्चना शर्मा से 20 हजार रुपये ठग लिए गए थे।
ठग ने कहा था कि कलेक्टर साहब किसी को उपहार भेज रहे हैं, उसके लिए पैसे चाहिए। जब टिमरनी और हरदा के एसडीएम ने कलेक्टर साहब से सीधे बात की तब पूरा फ्रॉड खुला।
हरदा जिला प्रशासन ने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को भी अलर्ट जारी किया है। साथ ही सोशल मीडिया पर लगातार लोगों को जागरूक किया जा रहा है। कलेक्टर सिद्धार्थ जैन ने कहा है कि उनके नाम का दुरुपयोग करके जनता को ठगा जा रहा है, यह बहुत गंभीर मामला है। पुलिस पूरी तरह सक्रिय है और जल्द ही ठग तक पहुंच जाएगी।
पुलिस ने लोगों से कहा है कि किसी भी अनजान नंबर से मैसेज आए तो पहले उसकी सच्चाई जांच लें। खासकर जब पैसे की मांग हो तो बिना सोचे ब्लॉक कर दें।