Rajgarh News : राजगढ़। खिलचीपुर के मशहूर किराना व्यापारी 71 वर्षीय श्याम सुंदर गुप्ता (काला भाटा वाले) ने बुधवार रात अपनी जान हथेली पर रखकर सवा लाख रुपये बचा लिए। दुकान बंद करके पोते मधुर गुप्ता के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। रात करीब 8 बजे पुराने सब्जी बाजार की गली में दो बाइक सवार बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया और नकद रुपये से भरा थैला छीनने की कोशिश की।
श्याम सुंदर गुप्ता ने बताया कि जैसे ही वे बड़ी गली की तरफ मुड़े, उन्हें शक हुआ कि कोई उनका पीछा कर रहा है। एक बाइक पर दो युवक थे। एक ने बाइक थोड़ी दूर खड़ी की और दूसरा लाल गमछे से मुंह ढककर दौड़ता हुआ आया। उसने सीधे उनके हाथ से थैला झपटने की कोशिश की लेकिन 71 साल की उम्र में भी गुप्ता ने हिम्मत नहीं हारी।
करीब दो मिनट तक छीना-झपटी और धक्का-मुक्की चली। इस दौरान थैले की एक कसी टूट गई, लेकिन गुप्ता ने थैला नहीं छोड़ा। आखिरकार उन्होंने लुटेरे को जोरदार लात मार दी। लुटेरा गिर पड़ा और घबराकर भाग निकला।
शोर सुनकर आसपास के लोग घरों से बाहर निकलने लगे। दोनों बदमाश अपनी बाइक पर सवार होकर भागने लगे। रास्ते में इमली स्टैंड के पास रिलायंस टावर के सामने उनकी बाइक तेजी से आई और दो अन्य युवकों की बाइक से टकरा गई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बदमाश गिर पड़े। वे जल्दी से उठे और फिर भागने लगे। लेकिन जिन युवकों की बाइक को टक्कर लगी थी, उन्होंने बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। करीब डेढ़ किलोमीटर तक पीछा चला। आखिरकार कृषि उपज मंडी परिसर में पहुंचकर बदमाशों ने अपनी बाइक वहीं छोड़ दी और अंधेरे में फरार हो गए। पीछा करने वाले दोनों युवक बाइक उठाकर सीधे खिलचीपुर थाने पहुंचे और पूरी बात बताई।
इधर श्याम सुंदर गुप्ता भी कुछ लोगों के साथ थाने पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने लूट की नीयत से हमले की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। रात करीब 10 बजे थाना प्रभारी उमाशंकर मुकाती खुद टीम लेकर बदमाशों की तलाश में निकल पड़े।
बदमाशों की बाइक जब्त कर ली गई है। टक्कर वाली जगह के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को मिल गए हैं। इनमें बदमाश साफ दिख रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही दोनों की गिरफ्तारी हो जाएगी।
व्यापारी श्याम सुंदर गुप्ता ने थाने में बताया, “मेरे पास सवा लाख रुपये थे। लाल गमछे वाला नकाबपोश थैला छीनने आया। मैंने उसका गमछा खींच लिया और लात मार दी। वह गिर गया और फिर भाग निकला।” उनकी इस बहादुरी की लोग खूब तारीफ कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर भी यह कहानी तेजी से वायरल हो रही है।
खिलचीपुर में पिछले कुछ महीनों से लूट और चोरी की वारदातें बढ़ी हैं। व्यापारी पहले से ही डरे हुए थे। इस घटना के बाद व्यापारी संगठन ने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।