Harda Road Accident : हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा जिले में बुधवार सुबह एक भयानक सड़क हादसा हो गया। शहर के गुर्जर छात्रावास के पास तेज रफ्तार कार ने पहले एक बुजुर्ग को जोरदार टक्कर मारी और फिर स्कूली बच्चों से भरे ऑटो को टक्कर मारकर पलट दिया।
इस दिल दहला देने वाली घटना में 70 वर्षीय बुजुर्ग देवकरण और तीन मासूम स्कूली बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है। घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन बुजुर्ग की हालत चिंताजनक है।
हादसा सुबह करीब साढ़े सात बजे हुआ। कार संख्या एमपी 47 जेडए 7102 का चालक उमर पुत्र महबूब खान (24 वर्ष) छीपानेर रोड की ओर से तेज स्पीड में आ रहा था। तजपुरा निवासी बुजुर्ग देवकरण मंदिर से दर्शन करके बाहर निकल रहे थे कि अचानक कार ने उन्हें टक्कर मार दी।
टक्कर की जोरदार आवाज से इलाका गूंज उठा। बुजुर्ग करीब छह फीट ऊंचे उछलकर कार के बोनट पर गिरे। प्रत्यक्षदर्शी सौरभ तिवारी ने बताया कि कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि एयरबैग तक खुल गए, लेकिन चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई।
टक्कर के बाद कार अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे ऑटो से जा भिड़ी। ऑटो चालक सुनील योगी स्कूल जाने वाले छह बच्चों को लेकर जा रहे थे। जोरदार धक्के से ऑटो पलट गया और तीन बच्चे घायल हो गए।
मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोग दौड़े आए और ऑटो को सीधा करके बच्चों को बाहर निकाला। घायल बुजुर्ग और बच्चों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया।
सिटी कोतवाली पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। कार को कब्जे में लेकर थाने ले जाया गया। चालक उमर हादसे के बाद मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसके खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने और दुर्घटना करने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
टीआई ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। सीसीटीवी फुटेज की मदद से भी जांच की जा रही है।