MP Student Death : ग्वालियर। गजराराजा मेडिकल कॉलेज के रविशंकर शुक्ल जूनियर बॉयज हॉस्टल में एक 21 साल के एमबीबीएस छात्र की रहस्यमय मौत ने सबको चौंका दिया है। बैतूल जिले के घोड़ाडोंगरी निवासी यशराज उइके सोमवार रात करीब साढ़े नौ बजे फर्स्ट फ्लोर से नीचे गिर गया। उसका रूम पार्टनर कमरे में मौजूद था, लेकिन उसे कुछ पता नहीं चला। नीचे ड्यूटी पर तैनात गार्ड्स ने गिरने की तेज आवाज सुनी तो दौड़कर पहुंचे और छात्र को खून से लथपथ पाया।
तुरंत वार्डन और अन्य छात्रों को बुलाया गया। यशराज को जेएएच अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया, जहां रात 12:45 बजे इंटरनल इंजरी से उसकी मौत हो गई। पुलिस रैगिंग, हादसा या खुदकुशी हर एंगल से जांच कर रही है। मृतक की बहन ने मौत पर गंभीर सवाल उठाए हैं, जबकि उसका मोबाइल छत पर मिला है।
MP News : आयुर्वेद में रिसर्च को मजबूत बनाने की मांग, वन कॉलेज-वन रिसर्च पर जोर
यशराज उइके ने इसी साल नीट परीक्षा पास की थी और गजराराजा मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस फर्स्ट ईयर में दाखिला लिया था। दीपाविली के बाद वह सिर्फ 20 दिन पहले ही ग्वालियर आया था। हॉस्टल में उसे फर्स्ट फ्लोर पर रूम अलॉट हुआ था, लेकिन अभी पूरी तरह अलॉटमेंट नहीं हुआ था। उसका रूम पार्टनर गुना का प्रवीण सहरिया है।
प्रवीण ने पुलिस को बताया कि वह कमरे में था और यशराज बाहर ओपन एरिया में था। अचानक गिरने की आवाज आई, लेकिन उसे कुछ समझ नहीं आया। गार्ड कपिल कुमार ने सबसे पहले यशराज को पोर्च में पड़ा देखा और शोर मचाया।
हॉस्टल के दोस्त और स्टाफ उसे अस्पताल ले गए। डॉक्टरों ने बताया कि ऊपरी चोट तो नहीं थी, लेकिन अंदरूनी अंगों को गंभीर नुकसान पहुंचा था। सिटी स्कैन कराया गया, लेकिन बचाया नहीं जा सका।
मृतक की रिश्ते की बहन सुषमा मुरैना से ग्वालियर पहुंची। सुषमा खुद नर्स हैं और उन्होंने कहा कि भाई ऐसा कदम कभी नहीं उठा सकता। यह खुदकुशी नहीं, कुछ गलत हुआ है। अगर ऊंचाई से गिरा तो शरीर पर खून क्यों नहीं निकला?
चोट लगने पर खून जरूर निकलता है। सुषमा ने संदेह जताया कि यशराज के साथ कुछ अनहोनी हुई। परिजन बैतूल से ग्वालियर आ गए हैं और शव का पोस्टमॉर्टम करवाया जा रहा है। पुलिस ने शव डेड हाउस में रखवाया है।
झांसी रोड थाना प्रभारी शक्ति सिंह यादव ने बताया कि छात्र की ऊंचाई से गिरकर मौत हुई है। हम हर पहलू से जांच कर रहे हैं। रूम पार्टनर प्रवीण से विस्तार से पूछताछ हो रही है। हॉस्टल में रैगिंग की भी अफवाह है, लेकिन अभी पुष्टि नहीं हुई।
अन्य छात्र रैगिंग से इनकार कर रहे हैं। पुलिस को पता चला कि यशराज का मोबाइल छत पर मिला है, जो मामला और उलझा रहा है। सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
गजराराजा मेडिकल कॉलेज के डीन डॉ. आरकेएस धाकड़ ने कहा कि छात्र की गिरने से मौत हुई है। घटना की सूचना मिलते ही उसे अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन बच नहीं सके। पुलिस को पूरी जानकारी दे दी है और जांच चल रही है। हॉस्टल में नए छात्रों की यह पहली बड़ी घटना है, जिससे अन्य छात्र डरे हुए हैं।