Sniffer Dog Tina Dies : नर्मदापुरम। मध्य प्रदेश के सतपुड़ा टाइगर रिजर्व (STR) की एकमात्र स्निफर डॉग टीना का रविवार, 26 अक्टूबर को निधन हो गया। वह 17 अक्टूबर से बुखार और हीमोग्लोबिन की कमी से पीड़ित थी। इलाज के दौरान जबलपुर ले जाते समय उसने दम तोड़ दिया। सोमवार शाम जबलपुर में पोस्टमार्टम के बाद स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स डॉग स्क्वाड प्रांगण में वरिष्ठ अधिकारियों ने फूलमाला और पुष्पचक्र अर्पित कर सहसम्मान विदाई दी। शव यात्रा निकालकर उसे दफनाया गया।
Chhath Pooja 2025 : छठ महापर्व का समापन, CM मोहन यादव ने विक्रम सरोवर पर उगते सूर्य को दिया अर्घ्य
टीना जर्मन शेफर्ड नस्ल की थी। उसका जन्म 10 सितंबर 2017 को हुआ। 1 अप्रैल 2018 से दिसंबर 2018 तक ग्वालियर के राष्ट्रीय श्वान प्रशिक्षण केंद्र, सीमा सुरक्षा बल टेकनपुर में 9 महीने की ट्रेनिंग ली। सतपुड़ा रिजर्व से हैंडलर अनूलाल भोवसरे और सुरक्षा श्रमिक राज नारायण भल्लवी को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया था। ट्रेनिंग में बाघ, तेंदुआ और अन्य वन्यजीवों के अवशेष पहचानने की कला सिखाई गई।
प्रशिक्षण के बाद 2 जनवरी 2019 को टीना को हैंडलर सहित सतपुड़ा टाइगर रिजर्व, मटकुली मुख्यालय भेजा गया। वरिष्ठ कार्यालय भोपाल के निर्देश पर उसे क्षेत्रीय टाइगर स्ट्राइक फोर्स नर्मदापुरम में वन्यजीव सुरक्षा के लिए तैनात किया। पदम सिंह राजपूत और सेवाराम उईके उसके हैंडलर बने। 21 अक्टूबर 2020 तक वह स्ट्राइक फोर्स में रही। फिर सतपुड़ा रिजर्व में वापस भेजी गई।
टीना ने 7 साल में कई महत्वपूर्ण मामले सुलझाए। 6 जुलाई 2023 को STR के धांसई गेट पुलिया पर बाघ की कटी गर्दन और केनाइन दांत मिले थे। टीना ने 2-3 किमी दूर तेंदुए का मांस ढूंढ निकाला। भालू शिकारियों को पकड़ने में मदद की। सतपुड़ा और स्ट्राइक फोर्स में शिकारियों को चकमा देने और वन्यजीव बचाने में उसकी भूमिका सराहनीय रही। 10 सितंबर 2025 को हैंडलरों ने उसका जन्मदिन मनाया था। अगले साल रिटायरमेंट होना था।
अंतिम संस्कार
17 अक्टूबर से टीना बीमार पड़ी। इटारसी, नर्मदापुरम, भोपाल और फिर जबलपुर ले जाई गई। लेकिन रिकवर नहीं हो सकी। 26 अक्टूबर को जबलपुर में निधन हो गया। सोमवार को पोस्टमार्टम हुआ। स्टेट टाइगर स्ट्राइक फोर्स जबलपुर डॉग स्क्वाड प्रांगण में अंतिम संस्कार किया।
एसओपी के अनुसार वन मंडल अधिकारी जबलपुर मिश्रा, डीएफओ संदीप फैलोज, उपवन मंडल अधिकारी सोलंकी, सहायक संचालक बोरी विनोद वर्मा, टीएसएफ प्रभारी खरे, रेंजर विजय बारस्कर, वनरक्षक कैलाश चरार, संतोष इरपचे, हैंडलर पदम सिंह राजपूत, विजय राजपूत, गुलाब सिंह राजपूत, रामविलास कहार और अन्य स्टाफ ने श्रद्धांजलि दी। टीना की मौत से वन विभाग में शोक की लहर है। वह STR की एकमात्र स्निफर डॉग थी। अब नए डॉग की तैनाती पर विचार हो रहा है।