CM MOHAN YADAV : भोपाल। भोपाल में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने सोमवार को राजभवन में राज्यपाल मंगुभाई पटेल से मुलाकात की। इस दौरान प्रदेश में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की तैयारियों से लेकर सरकार की प्रमुख योजनाओं, विकास कार्यों और आने वाले कार्यक्रमों पर विस्तार से चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को सरकार की तरफ से चल रहे कई जरुरी कामों की प्रगति से भी अवगत कराया।
UCC पर मिले 9 लाख से ज्यादा सुझाव
इसके बाद मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश में UCC को लेकर अब तक 9 लाख से ज्यादा सुझाव मिल चुके हैं। उन्होंने कहा कि इस विषय पर लोगों का अच्छा सहयोग और व्यापक जनसमर्थन भी मिला है। बैठक में UCC को लेकर आगे की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।
जल गंगा अभियान और गुरु पूर्णिमा कार्यक्रमों पर भी हुई बात
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ की प्रगति की जानकारी दी। इसके अलावा गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा के दौरान आयोजित होने वाले शैक्षणिक और सांस्कृतिक कार्यक्रमों की तैयारियों पर भी चर्चा हुई।
GI टैग, सौर ऊर्जा और रोजगार पर सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को बताया कि प्रदेश की चार कृषि उपजों को मिले GI टैग से किसानों को बड़ा फायदा मिलेगा। इसके साथ ही सौर ऊर्जा परियोजनाओं के विस्तार, MSME और स्टार्ट-अप को बढ़ावा देने, नए औद्योगिक निवेश लाने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए सरकार की ओर से किए जा रहे प्रयासों की भी जानकारी दी।
विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी सौंपी
मुलाकात के अंत में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने राज्यपाल को प्रदेश सरकार की प्रमुख योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति रिपोर्ट भी सौंपी। इस दौरान प्रदेश के विकास से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी चर्चा हुई।