Sehore Fire News : सीहोर। सीहोर शहर के कोतवाली चौराहे के पास सोमवार सुबह एक कबाड़ के ढेर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और इसकी लपटें पास स्थित तीन मंजिला मकान तक पहुंच गईं। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
तीन बाइकें जलकर हुईं राख
घटना के दौरान आग की चपेट में आने से वहां खड़ी तीन मोटरसाइकिलें पूरी तरह जल गईं। इनमें स्प्लेंडर, डीलक्स और पल्सर बाइक शामिल हैं। आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में वाहनों को अपनी चपेट में ले लिया।
अवैध कबाड़ बना हादसे की वजह!
स्थानीय लोगों का आरोप है कि मोहल्ले और सरकारी जमीन पर लंबे समय से अवैध रूप से कबाड़ जमा किया जा रहा था। नाले की टूटी सड़क का फायदा उठाकर कबाड़ संचालक ने बड़ी मात्रा में सामान वहां फैला कर रखा था। लोगों का मानना है कि इसी कबाड़ के ढेर से आग तेजी से फैली।
इस घटना के बाद मोहल्ले के लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली है। रहवासियों का कहना है कि मकान मालिक ने किराए के लालच में मकान कबाड़ कारोबारी को दे रखा है, जिससे पूरे इलाके के लोगों को परेशानी हो रही है। स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर कबाड़ संचालक धमकी भी देता है।
फायर ब्रिगेड ने पाया आग पर काबू
घटना की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने भी आग बुझाने में सहयोग किया। बताया जा रहा है कि विकास ठाकुर सहित कई नागरिकों ने फायर टीम की मदद की।
Bhopal Crime News: भोपाल के स्मार्ट सिटी पार्क में छात्र से लूट, चाकू दिखाकर छीने पैसे और ईयरफोन
अवैध कबाड़ हटाने की मांग
घटना के बाद रहवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि रिहायशी इलाके में फैले अवैध कबाड़ और अतिक्रमण को जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की बड़ी घटनाओं से बचा जा सके।