Bhojshala Maa Vagdevi : धार। धार स्थित भोजशाला परिसर आज एक ऐतिहासिक क्षण का साक्षी बन रहा है, जहां 721 साल बाद माँ वाग्देवी की महाआरती का आयोजन किया जा रहा है। हाईकोर्ट के फैसले के बाद इस बार परिसर में नमाज नहीं होगी और पूरे क्षेत्र में धार्मिक आयोजन का माहौल देखने को मिल रहा है।
श्रद्धा और आस्था का उमड़ा जनसैलाब
सुबह 9 बजे पहली आरती वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुई, जिससे पूरा परिसर गूंज उठा। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भोजशाला पहुंच रहे हैं और माहौल पूरी तरह भक्तिमय और भावुक बना हुआ है। लोगों में इस ऐतिहासिक आयोजन को लेकर गहरा उत्साह देखने को मिल रहा है।
सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम, धार छावनी में तब्दील
आयोजन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पूरे भोजशाला परिसर में डॉग स्क्वॉड और मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है। करीब 2200 से अधिक पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं और क्षेत्र में लगातार फ्लैग मार्च किया जा रहा है।
बदलता नजारा और ऐतिहासिक माहौल
इस बार भोजशाला के बाहर पहली बार पूजा-पाठ और धार्मिक सामग्री की दुकानें सजी नजर आईं। सोशल मीडिया पर भी विशेष निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी प्रकार की अफवाह या तनाव की स्थिति न बने। पूरा क्षेत्र एक ऐतिहासिक और भावनात्मक क्षण का गवाह बन रहा है।