Farmers Protest : हरदा। जिले में सोनतलाई नहर से जुड़े किसानों ने सिंचाई के लिए पानी नहीं मिलने पर गुरुवार को खंडवा स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। किसानों का आरोप है कि समय पर पानी नहीं मिलने से उनकी मूंग की फसल सूखने लगी है, जिससे भारी नुकसान का खतरा पैदा हो गया है।
प्रदर्शन ग्राम मसनगांव के सुभाष चौक बस स्टैंड के पास किया गया। रोलगांव, बीड़, कमताडा समेत कई गांवों के किसान सड़क पर बैठ गए, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात प्रभावित रहा। रास्ते में किसानों के बैठने के कारण हाईवे पर वाहनों की लंबी कतार लग गई और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।
किसानों बोले- लाखों खर्च कर लगाई फसल
प्रदर्शन कर रहे किसानों का कहना है कि उन्होंने लाखों रुपये खर्च कर मूंग की फसल बोई है। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी के बीच नहर का पानी नहीं मिलने से फसल सूखने लगी है। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द पानी नहीं मिला तो उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा।
सिंचाई विभाग का दावा- शाम तक पहुंचेगा पानी
इधर सिंचाई विभाग की कार्यपालन यंत्री सोनम बाजपेई ने बताया कि जिस क्षेत्र के किसान प्रदर्शन कर रहे हैं, वह आंशिक एलान वाला क्षेत्र है।उन्होंने कहा कि:
- क्षेत्र में ओसराबंदी लागू थी
- गुरुवार सुबह 8 बजे इसे खोला गया
- शाम तक पानी संबंधित क्षेत्र में पहुंच जाएगा
विभाग के एसडीओ किसानों से चर्चा करने मौके पर पहुंचे हैं। भीषण गर्मी और लगातार बढ़ते तापमान के कारण खेतों में पानी की मांग बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि समय पर सिंचाई नहीं होने से मूंग की फसल खराब होने की आशंका है।