Train Fire : रतलाम। रतलाम जिले में राजधानी एक्सप्रेस के एक कोच में आग लगने की घटना सामने आई है। 12431 त्रिवेंद्रम-निजामुद्दीन राजधानी एक्सप्रेस के बी-1 कोच में अचानक आग लग गई, जिससे यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच हुई घटना
जानकारी के अनुसार, त्रिवेंद्रम से नई दिल्ली जा रही राजधानी एक्सप्रेस जब आलोट और लूनीरीछा स्टेशन के बीच पहुंची, तभी बी-1 कोच में आग लग गई। घटना की सूचना मिलते ही रेलवे अधिकारियों और कर्मचारियों ने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
आग पर पाया गया काबू, कोई जनहानि नहीं
रेलवे की त्वरित कार्रवाई के चलते आग पर जल्द ही काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी यात्री के हताहत होने की सूचना नहीं है। सभी यात्री सुरक्षित बताए जा रहे हैं। हालांकि घटना के बाद यात्रियों में दहशत का माहौल देखने को मिला।
रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन रवाना
घटना के बाद एहतियात के तौर पर रतलाम से एक्सीडेंट रिलीफ ट्रेन को मौके के लिए रवाना किया गया है। मामला कोटा रेल मंडल से जुड़ा बताया जा रहा है। रेलवे अधिकारी आग लगने के कारणों की जांच में जुटे हुए हैं।
