Student Suicide Case : भोपाल। भोपाल के ऐशबाग इलाके में 11वीं कक्षा की एक छात्रा ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिजनों का आरोप है कि दो युवक उसे लगातार परेशान और ब्लैकमेल कर रहे थे।
परिवार के मुताबिक आरोपी एआई तकनीक की मदद से कथित आपत्तिजनक तस्वीरें बनाकर उन्हें वायरल करने की धमकी देते थे। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
Twisha Sharma Case : रिटायर्ड जज और वकील बेटे पर FIR, दहेज प्रताड़ना और हत्या का आरोप
परिजनों ने लगाए ब्लैकमेलिंग के आरोप
जानकारी के अनुसार, 17 वर्षीय छात्रा अपने परिवार के साथ ऐशबाग क्षेत्र में रहती थी। उसके पिता बिट्ठल मार्केट में कपड़ों की दुकान चलाते हैं। परिवार में छात्रा से छोटे एक भाई और एक बहन भी हैं।
मृतका के चाचा ने आरोप लगाया कि छोला इलाके के दो युवक छात्रा को लंबे समय से परेशान कर रहे थे। उनका कहना है कि आरोपियों ने एआई तकनीक की मदद से कथित अश्लील तस्वीरें तैयार की थीं और उन्हें वायरल करने की धमकी दी जा रही थी।
परिजनों के अनुसार, छात्रा ने इस बारे में अपने माता-पिता को जानकारी दी थी। परिवार ने युवकों को समझाने की कोशिश भी की थी, लेकिन मामला शांत नहीं हुआ।
बहन को बाहर भेजकर उठाया कदम
परिवार के मुताबिक गुरुवार रात छात्रा सामान्य व्यवहार कर रही थी। उसने छोटी बहन को कुछ सामान लेने बाहर भेजा। इसी दौरान उसने अपने कमरे में दुपट्टे का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली।
जब छोटी बहन वापस लौटी तो उसने छात्रा को फंदे पर लटका देखा। इसके बाद परिजनों को सूचना दी गई। परिवार ने तुरंत उसे नीचे उतारा, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
पुलिस कर रही जांच
मामले में टीआई संदीप पवार ने बताया कि मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।
उन्होंने कहा कि आत्महत्या के सही कारणों की जांच की जा रही है और परिजनों के विस्तृत बयान दर्ज किए जाएंगे। जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
सोशल मीडिया और AI के दुरुपयोग पर चिंता
इस घटना के बाद सोशल मीडिया, ऑनलाइन उत्पीड़न और एआई तकनीक के गलत इस्तेमाल को लेकर चिंता बढ़ गई है। पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि छात्रा को किस तरह से परेशान किया जा रहा था और क्या डिजिटल माध्यमों का इस्तेमाल हुआ था।