MP Heatwave Alert : भोपाल। भोपाल समेत पूरे मध्यप्रदेश में एक बार फिर भीषण गर्मी का असर देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक और बढ़ोतरी हो सकती है।
राजस्थान और गुजरात की तरफ से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण प्रदेश के अधिकांश जिलों में तेज तपिश महसूस की जा रही है। दोपहर के समय सड़कें सूनी नजर आ रही हैं और लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
इंदौर और उज्जैन संभाग में लू चलने की चेतावनी
मौसम विभाग ने इंदौर संभाग और उज्जैन संभाग के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू चलने का अलर्ट जारी किया है।
विभाग के अनुसार रविवार से इन इलाकों में गर्म हवाओं का असर और बढ़ सकता है। दोपहर के समय लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।
महाकौशल क्षेत्र में हल्की बारिश के आसार
भीषण गर्मी के बीच महाकौशल क्षेत्र के कुछ जिलों में मौसम बदलने की संभावना भी जताई गई है। मौसम विभाग के मुताबिक Mandla मंडला, सिवनी और छिंदवाड़ा जिलों में हल्की बारिश या बूंदाबांदी हो सकती है। इससे स्थानीय स्तर पर तापमान में हल्की गिरावट देखने को मिल सकती है।
रतलाम सबसे गर्म जिला रहा
प्रदेश में कई जिलों का तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया है। सबसे ज्यादा तापमान रतलाम में 45.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा
- शाजापुर में 44 डिग्री
- धार में 42.4 डिग्री
- खंडवा में 42.1 डिग्री
- नर्मदापुरम में 42 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
वहीं रायसेन, नरसिंहपुर, सागर और गुना में भी पारा 40 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया।
बड़े शहरों में भी बढ़ी गर्मी
प्रदेश के पांच बड़े शहरों में सबसे ज्यादा तापमान उज्जैन में 42.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
इसके अलावा
- भोपाल में 40.4 डिग्री
- इंदौर में 41.9 डिग्री
- ग्वालियर में 38.4 डिग्री
- जबलपुर में 38.9 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त पानी पीने और लू से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है। खासकर बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को अतिरिक्त सावधानी बरतने को कहा गया है।